पूर्ति विभाग की टीम ने सेलाकुई और प्रेमनगर क्षेत्र में गैस की अवैध रिफलिंग के खिलाफ अभियान चलाया। अभियान के दौरान दुकानों में बड़े पैमाने पर गैस की अवैध रिफलिंग होते हुए मिली। टीम ने अलग-अलग दुकानों से बरामद कुल 44 छोटे-बड़े सिलिंडरों को अपने कब्जे में ले लिया। दुकानों से बड़ी मात्रा में अवैध रिफलिंग में इस्तेमाल किए जाने वाले उपकरण भी बरामद किए गए। मामले में टीम ने चार नामजद समेत कुल छह लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।
लंबे समय से खाद्य पूर्ति विभाग को क्षेत्र में बड़े पैमाने पर गैस की अवैध रिफलिंग की शिकायत मिल रही थी। जिस पर टीम ने क्षेत्रीय पूर्ति निरीक्षक सुरेंद्र कुमार और पूर्ति निरीक्षक सुनील देवली के नेतृत्व में छापेमारी अभियान चलाया। टीम ने सेलाकुई क्षेत्र में बिहाईव कॉलेज रोड पर पांच दुकानों में छापेमारी अभियान चलाया। इस दौरान कुल पांच लोगों को गैस की अवैध रिफलिंग करते हुए पकड़ा गया। जिनमें से दो लोग मौके का फायदा उठा भाग खड़े हुए। यहां पर अभियान के दौरान कुल 30 बड़े छोटे सिलिंडर बरामद किए गए। मामले में विभागीय टीम की ओर से वेद प्रकाश निवासी जमनपुर सेलाकुई, उमेश निवासी पीलीभीत हाल निवासी जमनपुर और इस्लाम निवासी खटीमा समेत दो अन्य लोगों के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम में मुकदमा दर्ज कराया है।
वहीं प्रेमनगर क्षेत्र में टीम ने मांडूवाला रोड पर अभियान चलाते हुए एक व्यक्ति को धर दबोचा। आरोपी के पास से कुल 14 बड़े-छोटे सिलिंडर बरामद किए गए। आरोपी के पास रिफलिंग में इस्तेमाल होने पर उपकरण भी बरामद किए गए। मामले में टीम ने मोहम्मद फैसल पुत्र मोहम्मद इशाक निवासी लोअर राजीव नगर निकट रिस्पना पुल थाना प्रेमनगर के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम में मुकदमा दर्ज कराया है।