अखिल भारतीय हिमाचल सामाजिक संस्था संघ के अद्धवार्षिक अधिवेशन में छह अहम प्रस्ताव पास किए गए। प्रस्तावों को केंद्र और राज्य सरकार को भेजा जाएगा। संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष केएम लाल ने सफल आयोजन के लिए हिमजन कल्याण सभा पछवादून को बधाई दी।
ब्लाॅक रोड स्थित वेडिंग प्वाइंट में हिमजन कल्याण सभा पछवादून का वार्षिक मिलन समारोह और अखिल भारतीय हिमाचल सामाजिक संस्था संघ के दो दिवसीय अद्धवार्षिक अधिवेशन का समापन हुआ। इसमें हिमाचल प्रदेश, हरियाणा, पंजाब, दिल्ली, महाराष्ट्र, मध्यप्रदेश आदि राज्यों के 100 से अधिक प्रतिनिधियों ने प्रतिभाग किया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के तौर पर पूर्व विधायक कुलदीप कुमार, जिला पंचायत अध्यक्ष मधु चौहान, भाजपा जिलाध्यक्ष मीता सिंह, भाजपा प्रदेश प्रवक्ता नीरज ठाकुर, कैप्टन दुनीचंद, अजस डोगरा, अनिल कौशल शामिल हुए। इस दौरान हिमाचल की लोक संस्कृति से जुड़े गीतों और नृत्य कार्यक्रमों की प्रस्तुति की धूम रही।
अधिवेशन में शानन पावर प्रोजेक्ट का रख-रखाव हिमाचल प्रदेश सरकार को सौंपने, चंडीगढ़ में हिमाचल के देय हिस्से का निपटारा जल्द करने, चंडीगढ़ तक आने वाली दूरगामी ट्रेन को हिमाचल के अंतिम रेलवे स्टेशन दौलतपुर तक बढ़ाने, वरिष्ठ नागरिकों को रेलवे यात्रा और जनहित में पुरुषों को 40 और महिलाओं को 50 फीसदी तक यात्रा में छूट बहाल करने, हिमाचली पहाड़ी बोली को भाषा का दर्जा संविधान की आठवीं सूची में शामिल करने और प्रदेश के अन्य राज्यों में बसे हिमाचली परिवार अपनी पहाड़ी संस्कृति एवं रीति-रिवाजों को सजोंकर रखने के प्रस्ताव शामिल रहे।
अधिवेशन का संचालन संघ के महासचिव राकेश शर्मा ने किया। इस दौरान सोहन सिंह, पदम गुलेरिया, हिमजन कल्याण सभा पछवादून के अध्यक्ष मधु ठाकुर, महासचिव राकेश गुलेरिया, भीम सिंह चौहान, गौरव ठाकुर, रचिता ठाकुर, बलदेव राणा, विनीत ठाकुर, जोगेंद्र ठाकुर आदि उपस्थित रहे।