श्रमिकों के इन शब्दों ने बढ़ाया हौसला
मुख्यमंत्री ने कहा कि टनल में फंसे श्रमिकों के धैर्य ने इस अभियान को सफल बनाने के लिए सभी का मनोबल बढ़ाया। अनेक प्रयासों के बाद भी जब समय अधिक लग रहा था, तो श्रमिकों ने कहा अधिक समय लगने की उनको चिंता नहीं है, प्रयास हो कि वे सुरक्षित बाहर निकल जाएं। श्रमिकों के इन शब्दों ने रेस्क्यू अभियान में लगे सभी लोगों का हौसला बढ़ाया।
केंद्र सरकार ने श्रम कानूनों में अनेक बदलाव किए हैं। श्रम सुविधा पोर्टल शुरू किया गया है। साथ ही आठ श्रम कानूनों को एक कर सरलीकरण का काम किया। प्रत्येक श्रमिक को एक विशेष लेबर आइडेंटिफिकेशन नंबर दिया जा रहा है। जिससे उसकी पहचान की जा सके। धामी ने कहा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विश्वकर्मा जयंती पर 13 हजार करोड़ की पीएम विश्वकर्मा योजना की शुरुआत की, इससे देशभर के लगभग 30 लाख श्रमिक परिवारों को लाभ मिलेगा। इस योजना के तहत पारंपरिक शिल्पकारों और कारीगरों को बिना गारंटी के न्यूनतम ब्याज दर पर ऋण सहायता दी जाएगी।
सचिव श्रम आर. मीनाक्षी सुंदरम ने कहा कि मिशन सिलक्यारा एक चुनौतीपूर्ण टास्क था। पूरे देश और दुनिया की नजरें इस पर थीं। उन्होंने कहा कि इस मिशन को सफल बनाने के लिए मुख्यमंत्री ने रेस्क्यू में लगे लोगों का मनोबल बढ़ाया। श्रम विभाग की ओर से शीघ्र ही चौपाल आयोजित की जाएगी।
ये भी पढ़ें...Anupam Kher: उत्तराखंड पहुंचे अभिनेता, बोले-फिल्म फ्रैंडली नीतियों से श्रेष्ठ शूटिंग डेस्टिनेशन बनेगा प्रदेश
भारतीय मजदूर संघ के सुमित सिंघल ने कहा कि सिलक्यारा मिशन में सीएम धामी जिस तरह मौके पर डटे रहे और हर पल की अपडेट लेते रहे, उन्होंने अपने जीवनकाल में किसी रेस्क्यू अभियान में इस दृढ़ता से कार्य करने वाले किसी मुख्यमंत्री को नहीं देखा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने किस तरह श्रमिकों की चिंता की और उनका जीवन बचाया, यह सबने देखा। ट्रेड यूनियन कॉर्डिनेशन के अध्यक्ष नवीन कुरील ने कहा कि सिलक्यारा रेस्क्यू ऑपरेशन को सफल बनाने के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मौके पर रहकर जिस तरह सबका मनोबल बढ़ाया वह सराहनीय था। इस मौके पर श्रमायुक्त दीप्ति सिंह, विभिन्न श्रमिक संगठनों के प्रतिनिधि और श्रमिकों के परिजन उपस्थित थे।