जकार्ता (इंडोनेशिया) में हुए एशियन गेम्स में रजत पदक जीतने वाले दीपक कुमार का अगला लक्ष्य ओलंपिक में स्वर्ण पदक जीतना है। पदक जीतने के बाद पहली बार दून पहुंचे दीपक ने कहा कि वह फिलहाल ओलंपिक कोटा हासिल करने के लिए मेहनत कर रहे हैं।
दीपक ने हाल ही में संपन्न हुए 18वें एशियन गेम्स में 10 मीटर रायफल प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक जीता था। सोमवार शाम उनके दून पहुंचने की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में खेलप्रेमी उनका स्वागत करने के लिए आशारोड़ी पहुंच गए। वहां उन्होंने फूलमालाओं से दीपक का जोरदार स्वागत किया। दीपक ने कहा कि बड़ी प्रतियोगिता के दबाव के चलते वह शुरुआत से ही नर्वस थे। हालांकि वह खुद पर नियंत्रण रखने में कामयाब रहे, जिसका उन्हें फायदा मिला। उन्होंने कहा कि निशानेबाजी जैसे खेल में धैर्य, मानसिक मजबूती और लक्ष्य पर फोकस बेहद जरूरी होता है।
उन्हें वाहनों के काफिले के साथ पौंधा स्थित गुरुकुल तक पहुंचाया गया, जहां उनका स्वागत और अभिनंदन किया गया। दीपक कुमार ने कहा कि दून में तैयारी से उन्हें काफी फायदा मिला। इस अवसर पर धनंजय, चंद्रभूषण, अरुण कुमार, रोशन कुमार, शिव कुमार आदि मौजूद रहे।