नैनीताल जिले में बेतालघाट ब्लॉक के प्राथमिक विद्यालय मझेड़ा में शिक्षामित्र ने स्कूल में छात्राओं को देर तक रोककर बदतमीजी की। छात्राओं के परिजन ने आरोप लगाते हुए मंगलवार को अभिभावकों ने स्कूल में जमकर हंगामा किया।
शिक्षामित्र के तबादले की मांग पर अड़े अभिभावक राजस्व विभाग के अधिकारियों और पुलिस के हस्तक्षेप के बाद शांत हुए।
अभिभावकों के मुताबिक शिक्षामित्र उमेश चंद्र जोशी ने सोमवार को स्कूल की छुट्टी के बाद चौथी और पांचवीं कक्षा में पढ़ने वाली दो छात्राओं को देर तक स्कूल में रोक लिया था।
जब दोनों छात्राएं घर नहीं पहुंची तो अभिभावक स्कूल गए। छात्राएं स्कूल में रोती मिलीं। पूछताछ के दौरान दोनों छात्राओं ने अभिभावकों को बताया कि शिक्षामित्र उनसे अश्लील इशारे कर रहा था।
मंगलवार को जैसे ही अभिभावकों को इसकी जानकारी मिली तो वह ग्राम प्रधान रमेश पांडे के नेतृत्व में स्कूल पहुंच गए। उन्होंने शिक्षामित्र की इस हरकत को लेकर जमकर हंगामा किया।