देहरादून का यह अकेला नशा मुक्ति केंद्र नहीं है जहां पर प्रताड़ना और दुष्कर्म जैसी बातें हुई हैं। इससे पहले आठ युवक जिस नशा मुक्ति केंद्र से भागे थे, वहां भी प्रताड़ित करने की बात सामने आई है। इसी कारण आठ युवक भागकर अपने घर पहुंच गए।
बता दें कि 10 दिन पहले क्लेमेंटटाउन थाना क्षेत्र से ही आठ युवक एक नशा मुक्ति केंद्र से भागे थे। पुलिस ने उनकी तलाश की, लेकिन कुछ पता नहीं चल सका। एकाएक खबर आई कि सभी अपने अपने घर पहुंच गए हैं। एसओ क्लेमेंटटाउन धर्मेंद्र रौतेला ने बताया कि इन सभी ने बताया कि उन्हें वहां पर बात-बात पर प्रताड़ित किया जाता था। इस कारण वे वहां से भाग गए थे। पुलिस ने सभी के बयान दर्ज किए हैं।
एसओ ने बताया कि इस नशा मुक्ति केंद्र का संचालक पहले खुद नशा करता था। वह कुछ दिनों तक नशा मुक्ति केंद्र में रहा और फिर नशा छोड़ दिया। इसके बाद उसने भी अपना केंद्र शुरू कर लिया था। उसकी एक समिति है जिसके उसने पंजीकरण के दस्तावेज दिखाए थे। इसके अलावा अन्य कोई दस्तावेज नहीं दिखा पाया। जल्द ही पुलिस की ओर से प्रशासन को एक रिपोर्ट भेजी जाएगी। ताकि, इसके खिलाफ कार्रवाई की जा सके।