क्या है एसईओ पॉइजनिंग अटैक
एसईओ (सर्च इंजन ऑप्टिमाइजेशन) पॉइजनिंग एक प्रकार का साइबर हमला है, जिसमें हमलावर सर्च इंजन रैंकिंग को गलत तरीके से प्रभावित करके अपने मैलिशस (हानिकारक) वेबसाइट्स को टॉप पर लाते हैं। इसका मकसद होता है यूजर्स को धोखे में रखकर उन वेबसाइट्स पर क्लिक कराना। इससे यूजर्स मालवेयर डाउनलोड कर लेंगे या अपनी संवेदनशील जानकारी साझा कर दे देंगे।
ऐसे करता है काम
हैकर्स ऐसे कीवर्ड चुनते हैं, जो उस समय सर्च इंजन में लोकप्रिय हों। वे एसईओ ट्रिक्स का इस्तेमाल कर फर्जी वेबसाइट बनाते हैं ताकि गूगल सर्च इंजन में शीर्ष पर आ सकें। कई बार हैकर असली वेबसाइट को हैक करके उसमें हानिकारक लिंक डाल देते हैं। यह तकनीक सर्च इंजन को धोखा देती है। खासतौर से ताजा खबरें, फ्री सॉफ्टवेयर डाउनलोड, बैंकिंग व फाइनेंशियल सर्विसेज, हेल्थकेयर संबंधी और ऑनलाइन शॉपिंग प्लेटफॉर्म पर इनका खतरा ज्यादा होता है।
ये है खतरा और बचाव का रास्ता
इससे रैनसमवेयर, स्पाईवेयर या कीलॉगर्स का खतरा है। लॉगइन संबंधी जानकारी और बैंकिंग जानकारी चोरी हो सकती है। पर्सनल या कॉरपोरेट डाटा तक अनधिकृत पहुंच हो सकती है। इससे बचने के लिए किसी भी अनजान या संदिग्ध लिंक पर क्लिक न करें। हमेशा एचटीटीपीएस और वेबसाइट के सही यूआरएल को चेक करें। एंटी वायरस और वेब प्रोटेक्शन टूल्स का प्रयोग करें। अपने सिस्टम और ब्राउजर को नियमित रूप से अपडेट रखें।