कैंट पुलिस ने सर्च आपरेशन के दौरान बिंदाल नदी के किनारे जमीन में दबाई गई शराब की 28 पेटियां बरामद की है। अंग्रेजी शराब की बोतलों को कट्टों में भरकर दबाया गया था।
आशंका जताई जा रही है कि यह शराब चुनाव में वितरित करने को लाई गई थी। हालांकि शराब का मालिक कौन है, अभी यह साफ नहीं हो पाया है। एसएसपी ने पुलिस को इस कामयाबी पर पुरस्कृ त करने की घोषणा की है।
कैंट की बिंदाल बस्ती का इलाका नशाखोरी को लेकर सबसे ज्यादा संवेदनशील है। सीओ सिटी चंद्रमोहन सिंह शनिवार को इंस्पेक्टर शंकर सिंह बिष्ट आदि के साथ बिंदाल बस्ती में चेकिंग के लिए पहुंच गए। नशे के गोरखधंधे में शामिल रहे लोगों की तलाश में छापेमारी की गई, लेकिन एक संदिग्ध को पकड़ा गया।
इसी बीच नदी किनारे सर्च करते हुए पुलिस को एक स्थान पर गीली मिट्टी मिली तो कुछ शक हुआ। पुलिस कर्मियों से मिट्टी हटवाई गई तो कट्टों से शराब की बोतलें नजर आई। अधिकारियों को बताकर पूरा गड्ढा खुदवाया गया। एक -एक कर यहां से शराब की 20 पेटियां बरामद हुई।
एसपी सिटी अजय सिंह ने बताया कि शराब के मालिक के बारे में जानकारी की जा रही है। ऐसा प्रतीत होता है कि बरामद शराब को चुनाव में वितरित करने के लिए लाया गया था। उधर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक स्वीटी अग्रवाल ने पुलिस टीम की सराहना करते हुए सीओ और इंस्पेक्टर की पीठ थपथपाई है।