कांग्रेस के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राहुल गांधी की गुमानीवाला डीएसबी पब्लिक स्कूल परिसर में सम्मेलन की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। राहुल गांधी करीब ढाई घंटे तक सम्मेलन में रहेंगे। इस दौरान राहुल कार्यकताओं से विधानसभावार चुनाव रणनीति के बारे में संवाद भी करेंगे।
सम्मेलन में पहुंचने वाले पार्टी कार्यकर्ताओं का पंजीकरण सुबह 9.30 बजे से शुरू होगा। 10 बजे से पांडाल में कार्यकर्ताओं का प्रवेश शुरू होगा। 12 बजे राहुल गांधी जौलीग्रांट हवाई अड्डे पहुंचेंगे।
जौलीग्रांट से वह कार से सम्मेलन स्थल गुमानीवाला पहुंचेंगे। सम्मेलन स्थल पर बूथ कमेटियों, ब्लॉक और जिला कार्यकारिणी के 10 हजार पदाधिकारी, कार्यकर्ता और लगभग 1500 पीसीसी पदाधिकारियों तथा अन्य शीर्ष नेतृत्व के बैठने की व्यवस्था की गई है।
चप्पे-चप्पे पर रहेगी सुरक्षा
हरीश रावत भी कार्यक्रम स्थल का जायजा लेने पहुंचे।
- फोटो : AmarUjala
कांग्रेस के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राहुल गांधी की सुरक्षा में चप्पे-चप्पे पर पुलिस कर्मियों की तैनाती रहेगी। एसपी देहात श्वेता चौबे ने रविवार को सुरक्षा व्यवस्था में शामिल हरिद्वार, टिहरी, पौड़ी और देहरादून जनपद के पुलिस कर्मियों की डीएसबी स्कूल में बैठक ली।
सुरक्षा व्यवस्था में एक अपर पुलिस अधीक्षक, तीन सीओ, पांच इंस्पेक्टर, 10 उपनिरीक्षक, 70 कांस्टेबल, एक कंपनी पीएससी की तैनाती की गई है। इसके अलावा 12 सदस्यीय एसपीजी की टीम यहां पहुंच चुकी है।
ये रहेगा रूट
जौलीग्रांट हवाई से राहुल गांधी रानीपोखरी होते हुए नटराज चौक पहुंचेंगे। नटराज चौक होते हुए श्यामपुर बाईपास मार्ग से डीएसबी स्कूल परिसर सम्मेलन स्थल पर पहुंचेंगे। इस दौरान नटराज चौक और श्यामपुर तिराहा जीरो जोन रहेगा।