देश की पूर्वोत्तर सीमा में सड़क विवाद पर भारत-चीन के बीच बढ़ी तल्खी से ही चीन बार बार भारत में घुसपैठ की कोशिश कर रहा है। इसके चलते बॉर्डर पर सिक्योरिटी बढ़ा दी गई है।
उत्तराखंड के चमोली जिले से लगी चीन सीमा क्षेत्र में भी आईटीबीपी और सेना ने भी चौकसी बढ़ा दी है। सीमा क्षेत्र में आईटीबीपी और सेना के जवान मुस्तैद हैं। हालांकि सीमा क्षेत्र में सब कुछ सामान्य है।
चमोली से लगी चीन सीमा पर चीन की ओर से कई बार नो मेंस लैंड बाड़ाहोती में घुसपैठ की जा चुकी है। इसी वर्ष तीन जून को बाड़ाहोती में चीन की ओर से आए दो हेलीकॉप्टर करीब तीन मिनट तक आसमान में मंडराते रहे, जिससे खुफिया एजेंसी सतर्क हो गई और सीमा क्षेत्र में भी चौकसी बढ़ा दी गई।
इससे पहले भी चीन की ओर से बाड़ाहोती में घुसपैठ की जाती रही है। वर्ष 2014 की 19 जुलाई को चीन की ओर से बाड़ाहोती क्षेत्र में सफेद और काले घोड़ों में सवार 16 चीनी सैनिकों ने यहां भारतीय चरवाहों के टेंट फाड़ दिए थे, जबकि वर्ष 2015 में चीनी सैनिकों की ओर से भारतीय चरवाहों के खाद्यान्न को नष्ट कर दिया गया था।