स्टिंग ऑपरेशन की जांच के सिलसिले में बयान देने दिल्ली पहुंचे मुख्यमंत्री हरीश रावत ने स्वीकार किया है कि टेप सही है और वे टेप में मौजूद हैं।
रावत ने सीबीआई अफसरों से स्टिंग के दौरान उन भाजपा नेताओं से भी पूछताछ करने का अनुरोध किया, जिनका नाम स्टिंग के दौरान लिया गया है। हालांकि उन्होंने विधायकों की खरीद-फरोख्त की बात कहने से इंकार किया।
विधायकों की खरीद-फरोख्त संबंधी स्टिंग ऑपरेशन मामले में सीबीआई ने मुख्यमंत्री हरीश रावत से मंगलवार को दोबारा पूछताछ की। रावत दिन में करीब 11 बजे दिल्ली स्थित सीबीआई मुख्यालय पहुंचे। गौरतलब है कि सीबीआई प्रिलिमनरी एन्क्वायरी (पीई) के आधार पर इस मामले की पड़ताल कर रही है।
अभी एफआईआर दर्ज नहीं की गई है। पीई के आधार पर सीबीआई किसी आरोपी को समन नहीं कर सकती। रावत एजेंसी के अनुरोध पर पूछताछ के लिए पेश हो रहे हैं। रावत से 24 मई को भी दिल्ली में पूछताछ की गई थी।