छात्रवृत्ति घोटाले के घेरे में आए निजी शिक्षण संस्थानों के खिलाफ एसआईटी लगातार मुकदमे दर्ज करा रही है। शनिवार देर रात भी एसआईटी ने सिडकुल एवं ज्वालापुर में पांच शिक्षण संस्थानों के खिलाफ मुकदमे दर्ज कराए।
एक मुकदमा विवेक विहार में चल रहे उत्तरांचल मैनेजमेंट एंड टेक्नोलॉजी एवं चार मुकदमे सहारनपुर और हरियाणा के शिक्षण संस्थानों के खिलाफ दर्ज किए गए हैं। इन सभी संस्थानों पर कुल 1.84 करोड़ की छात्रवृत्ति हड़पने का आरोप है।
एसआईटी एक एक कर घोटाले में फंसे शिक्षण संस्थानों के खिलाफ मुकदमे दर्ज करा रही है। इसी क्रम में शनिवार को भी एसआईटी के एसआई भानू पंवार की तरफ से सिडकुल एवं ज्वालापुर में शिकायत दर्ज कराई गई थी।
एसआईटी के अध्यक्ष मंजूनाथ टीसी ने बताया कि गणपति ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशन, वीपीओ बिलासपुर जिला यमुनानगर हरियाणा को 71.83 लाख, ओम संतोष आईटीआई, रामपुर मनिहारान सहारनपुर को 50 लाख, स्टेलियन कॉलेज फॉर इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी, सहारनपुर को 27.66 लाख, कमलेश प्री मेडिकल, आईटीआई छुटमलपुर, सहारनपुर को 19.98 लाख और उत्तरांचल इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट एंड टेक्नोलॉजी विवेक विहार रानीपुर मोड़ हरिद्वार को 15.41 लाख रुपये की छात्रवृत्ति अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति के नाम पर दी गई है।
सभी शिक्षण संस्थानों पर आरोप है कि इन्होंने छात्रों का फर्जी दाखिला दिखाकर करोड़ों रुपये की छात्रवृत्ति हड़पी है। पांच सालों में इन सभी संस्थानों को करीब 1.84 करोड़ रुपये दिए गए थे। एसआईटी ने छात्रों के बयान के बाद मुकदमे दर्ज कराए हैं। एसआईटी प्रभारी ने बताया कि मामले की जांच अब थाना और कोतवाली के स्तर से की जाएगी।