त्यूनी थाना क्षेत्र के अंतर्गत हनोल-त्यूनी मोटर मार्ग पर दार्मिगाड़ के पास एक स्कार्पियो अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। इससे चालक सहित वाहन सवार तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे का पता नहीं चलने के कारण तीनों घायल पूरी रात खाई में ही पड़े रहे।
सुबह होने पर सड़क से गुजरने वाले लोगों ने खाई में वाहन पड़ा देखा तो हादसे का पता चला। लोगों ने इसकी जानकारी पुलिस को दी। इसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने तीनों घायलों को खाई से बाहर निकाला और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र त्यूनी में भर्ती कराया। जहां से तीनों को हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार राम सिंह, बीना देवी, निर्मला देवी तीनों निवासी मोरी उत्तरकाशी स्कार्पियो में सवार होकर देर रात रोहड़ू हिमाचल प्रदेश से घर लौट रहे थे। हनोल-त्यूनी मोटर मार्ग पर दार्मिगाड़ के समीप चालक का वाहन से नियंत्रण बिगड़ गया। इससे वाहन समेत तीनों सवार गहरी खाई में जा गिरे। पूरी रात तीनों खाई में दर्द से कराहते रहे। सुबह होने पर सड़क से गुजर रहे लोगों ने दुर्घटना स्थल के पास वाहन के टायरों के निशान देखे। उन्होंने नीचे झांक कर देखा तो खाई में एक स्कार्पियो गिरी हुई थी। इसके बाद उन्होंने घटना की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने रेस्क्यू कर तीनों घायलों को खाई से बाहर निकाला।
थाना प्रभारी संदीप पंवार ने बताया कि घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है। रेस्क्यू ऑपरेशन में कॉस्टेबल अमीर चंद, जयेंद्र शामिल रहे।