पाकिस्तान की जेल में कैदी के हमले में मारे गए सरबजीत सिंह की बहन और उनकी पत्नी का शुक्रवार को एक कार्यक्रम में सम्मान किया गया।
इस अवसर पर जम्मू की जेल में पाकिस्तानी कैदी को मारने वाले पौड़ी निवासी विनोद बिष्ट की पत्नी और दोनों बेटियों को भी सम्मानित किया गया। देवभूमि संस्थान ने विनोद की दोनों बेटियों की पढ़ाई का जिम्मा संभालने के साथ ही 2.5-2.5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता भी दी।
मातृ शक्ति सम्मान समारोह
रेसकोर्स स्थित अमरीक वेडिंग प्वाइंट में शुक्रवार दोपहर देवभूमि विकास संस्थान के तत्वावधान में मातृ शक्ति सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन संस्थान के संरक्षक त्रिवेंद्र सिंह रावत और आचार्य बालकृष्ण ने किया।
कार्यक्रम में पहले सरबजीत की बहन दलबीर कौर और पत्नी सुखप्रीत कौर को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया। इसके बाद पाकिस्तान की जेल में सरबजीत की हत्या किए जाने के विरोध में जम्मू की जेल में बंद पाकिस्तानी आतंकवादी को मारने वाले पौड़ी के विनोद बिष्ट की पत्नी मंजू बिष्ट और उनकी दोनों बेटियों मानसी और प्रिया को सम्मानित किया गया।
12वीं तक का पढ़ाई का जिम्मा
दोनों परिवारों को शॉल, कपड़े, स्मृति चिह्न भेंट किए गए। कार्यक्रम में मौजूद कई संस्थानों ने दोनों परिवारों को नगद, चेक के माध्यम से आर्थिक सहायता और कपड़े देकर सम्मानित
किया। इस अवसर पर संस्थान के संरक्षक त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा कि संस्थान विनोद बिष्ट की दोनों पुत्रियों मानसी और प्रिया की 12वीं तक का पढ़ाई का जिम्मा उठाएगा।
12वीं के बाद ग्रेजुएशन के साथ ही प्रोफेशनल कोर्स, जो भी बेटियां करना चाहें, इसकी जिम्मेदारी संस्थान उठाएगा। दलबीर कौर के बारे में रावत ने कहा कि उन्होंने एक मिसाल कायम की है, जो हमेशा याद रखी जाएगी। आचार्य बालकृष्ण ने पाकिस्तान की हरकत को बर्बतापूर्ण बताया।