बैंक में बंधक पड़ी फैक्टरी की भूमि दिलाने के नाम पर 4.40 करोड़ की ठगी का मामला सामने आया है। ठगी का आरोप एक संग्रह अमीन और उसके परिवार पर है। मामले में न्यायालय के आदेश पर आरोपियों के खिलाफ शहर कोतवाली में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
पंजाब भूषा स्टोर के मालिक तेजेंदर पाल सिंह निवासी रेसकोर्स ने कोर्ट में शिकायत की थी। सिंह के अनुसार भूसा लेनदेन को लेकर उनका संपर्क दून सदर तहसील में तैनात संग्रह अमीन मांगे राम राठौर मूल निवासी सुकी, जहानपुर, सुदंरपुर, बेहट, जिला सहारनपुर मांगे राम की पत्नी मुकेश, बेटी प्रिया और शिवानी भी उनसे मिलती रहती थीं। अमीन ने सुभाषनगर में कुर्क फैक्ट्रियों की जमीन होने की बात तेजेंदर सिंह को बताई। उसके दस्तावेज पीड़ित को दिखाते हुए कहा कि नीलामी में वह इनमें किसी भी फैक्टरी की जमीन ले सकते हैं।
तेजेंदर सिंह ने अमीन के झांसे में आकर उन्हें 5.40 करोड़ रुपये दे दिए। इसके बाद भी जमीन की निलामी नहीं हुई। काफी दिनों बाद जब काम नहीं हुआ तो उन्होंने अपने पैसे वापस मांगे। सिंह ने अमीन व उसके परिवार वालों पर दबाव बनाया। इस पर उन्होंने एक करोड़ रुपये तो वापस कर दिए। साथ ही आश्वासन दिया कि जल्द ही जमीन उनके नाम पर आ जाएगी। कुछ दिन बाद ही राम राठौर वहां से भाग गया। शहर कोतवाल कैलाश चंद भट्ट ने बताया कि आरोपी अमीन, उसकी पत्नी और दो बेटियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है।