एक हॉस्टल संचालक ने दून के दो कारोबारियों से सैनिटरी व हार्डवेयर का 16 लाख रुपये का सामान ले लिया, लेकिन पैसे नहीं दिए। दोनों कारोबारियों ने अलग-अलग थानों में संचालक के खिलाफ मुकदमे दर्ज कराए हैं।
वसंत विहार थाने में एवाई ट्रेडर्स के शहजाद खान ने जिया पैलेस हास्टल, कंडोली, प्रेमनगर के संचालक राकेश त्यागी के खिलाफ शिकायत की है। एसओ प्रेमनगर नरेश सिंह राठौर ने बताया कि शहजाद सैनिटरी और हार्डवेयर का काम करते हैं। आरोप है कि उनसे विश्वास बनाकर राकेश त्यागी ने 14 लाख रुपये से ज्यादा का सामान वर्ष 2018-19 में खरीदा। कहा कि उन्हें जो चेक दिए गए, उनका भी भुगतान नहीं हुआ। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
वहीं, हॉस्टल संचालक राकेश त्यागी के खिलाफ दूसरा मुकदमा जेके सेल्स कार्पोरेशन के पुनीत सेठी दर्ज कराया। आरोप है कि उनके यहां से सैनिटरी फिटिंग का 1.90 लाख रुपये का सामान वर्ष 2020-21 में समय-समय पर लिया। आरोप है कि चेक दिए, लेकिन बैंक में लगाने से मना कर दिया। बाद में फोन उठाना बंद कर दिया। एसएसआई पटेलनगर कुंदन राम ने बताया कि तहरीर पर हॉस्टल संचालक राकेश त्यागी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है।