दून में बिकने वाली बीयर मानक पर खरी नहीं उतर रही। खाद्य सुरक्षा विभाग की लैब से आई जांच रिपोर्ट से यह खुलासा हुआ है। दून से लिए गए दुग्ध उत्पाद, कस्टर्ड पाउडर और बीयर सहित आठ खाद्य पदार्थों के सैंपल जांच में फेल हुए हैं।
जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी पीसी जोशी ने बताया कि फरवरी और मार्च में दून की दुकानों से लिए गए उक्त सैंपल रुद्रपुर की लैब में जांच के लिए भेजे गए थे। ये सभी सैंपल जांच में फेल हो गए। ऐसे में संबंधित विक्रेताओं और निर्माताओं को नोटिस भेजे गए हैं। वहीं, अप्रैल माह में भी खाद्य पदार्थों के कुछ सैंपल लिए गए, जिनकी रिपोर्ट आनी अभी बाकी है।
इसके अलावा सोमवार को मसाला, वनस्पति घी, बेकरी उत्पाद सहित पांच खाद्य पदार्थों के सैंपल जांच के लिए लैब में भेजे गए हैं। उन्होंने बताया कि पिछले एक साल में खाद्य सुरक्षा विभाग की ओर से 341 सैंपल लिए गए। इनमें 78 सैंपल फेल हो गए। आठ मामलों में कार्रवाई जारी है।
विदेशी ब्रांड की है बीयर
पीसी जोशी ने बताया कि जिसका सैंपल फेल हुआ है, वह विदेशी बीयर है। यह भारत के मानकों पर खरी नहीं उतरी। यह लेबलिंग कंडीशन में फेल पाई गई। यह बीयर मिस ब्रांड पाई गई। उन्होंने बताया कि खाद्य सुरक्षा विभाग की ओर से समय-समय पर वाइन, शराब और बीयर के सैंपल लिए जाते हैं।