शिमला रोड स्थित मेहूवाला माफी कार्यालय में सोमवार को सपा की बैठक में मेहूवाला माफी, पित्थूवाला, गोरखपुर, बड़ोवाला, आरकेड़िया ग्रांट में पेयजल समस्या छाई रही। सपाइयों ने चेतावनी दी कि अगर 18 मई तक समाधान न हुआ, तो कार्यकर्ता निगम के अधिशासी अभियंता का घेराव करेंगे।
सपा अल्पसंख्यक सभा के राष्ट्रीय सचिव गुलफाम अली ने कहा कि जबसे मेहूवाला माफी पेयजल क्लस्टर का काम शुरू हुआ है और पानी की आपूर्ति उत्तराखंड जल संस्थान से हटाकर पेयजल निगम को सौंपी गई, तब से इन क्षेत्रों में पानी की आपूर्ति नियमित रूप से नहीं हो रही है। आरोप लगाया कि निगम के जेई एवं एई लोगों का फोन नहीं उठाते हैं। उन्होंने कहा भाजपा राज में नौकरशाही बेलगाम हो रही है। बैठक में पूर्व जिला कोषाध्यक्ष शशी कुमार यादव, हारुन सलमानी, पुष्कर सिंह, नफीस अहमद, सतीश शर्मा, नवाब सलमानी, रामकुमार, मथुरा प्रसाद थापा आदि मौजूद रहे। संवाद