बृहस्पतिवार को राजधानी देहरादून में साकेत बहुगुणा की जनसभा रैली में पानी फिर गया। बारिश के साथ चल रही तेज आंधी से जनसभा रैली का टेंट गिर गया। वह परेड ग्राउंड में एक जनसभा को संबोधित कर रहे थे।
टेंट गिरने के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भगदड़ मच गई। इसके बाद पूर्व सीएम विजय बहुगुणा भी जनसभा में पहुंचे, लेकिन उनके आने से भी कोई ज्यादा फर्क नहीं पड़ा। बारिश के चलते लोग जाने लगे।
इसी बीच बिना कार्यकर्ताओं की भीड़ न ले जाकर टिहरी संसदीय क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी साकेत बहुगुणा अपना नामांकन पत्र दाखिल कर दिया।
कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं के साथ बैठक
इससे पहले बुधवार को नामांकन की तैयारियों को लेकर प्रदेश मुख्यालय में कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं के साथ कांग्रेस के प्रदेश महामंत्री (प्रशासन) विजय सारस्वत ने बैठक की।
नामांकन में अधिक से अधिक कार्यकर्ताओं को लाने के लिए पार्टी पदाधिकारियों को जिम्मेदारियां तय की गई।
साकेत के नामांकन के दौरान अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के पर्यवेक्षक एवं प्रदेश सह प्रभारी चौधरी लाल सिंह, मुख्यमंत्री हरीश रावत, प्रदेश अध्यक्ष यशपाल आर्य व पूर्व मुख्यमंत्री विजय बहुगुणा मौजूद रहेंगे।
चार सीटों पर भाजपाइयों का शक्ति प्रदर्शन गुरुवार को
नामांकन के मामले में गुरुवार भाजपा का दिन है। चार प्रत्याशी एक साथ अपने अपने जिलों में पर्चा दाखिल करने जा रहे हैं। भगत सिंह कोश्यारी पहले ही नैनीताल से पर्चा दाखिल कर चुके है।
पौड़ी से पूर्व मुख्यमंत्री व इस सीट से चार बार सांसद रह चुके भुवन चंद खंडूड़ी अपना नामांकन दाखिल करेंगे।
इनके नामांकन में प्रदेश अध्यक्ष तीरथ सिंह रावत, सांसद सतपाल महाराज, हाल ही में भाजपा ज्वाइन करने वाले पूर्व मंत्री मातबर सिंह कंडारी शामिल होंगे।
अल्मोड़ा में अजय टम्टा भी गुरुवार को ही नामांकन दाखिल करेंगे। इस अवसर पर पूर्व प्रदेश अध्यक्ष बची सिंह रावत व बिशन सिंह चुफाल, नेता प्रतिपक्ष अजय भट्ट समेत कई नेता मौजूद रहेंगे।
नामांकन दाखिल करेंगे निशंक
हरिद्वार में पूर्व मुख्यमंत्री रमेश पोखरियाल निशंक नामांकन दाखिल करेंगे। वहां पर प्रदेश उपाध्यक्ष मदन कौशिक, देहरादून के मेयर विनोद चमोली, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष मनोहर कांत ध्यानी, पूर्व सांसद बलराज पासी मौजूद रहेंगे।
टिहरी में सीटिंग एमपी व पार्टी प्रत्याशी माला राज्य लक्ष्मी शाह देहरादून में नामांकन दाखिल करेंगी।
नामांकन दाखिल करने के अवसर पर राष्ट्रीय सचिव व यूपी के सह प्रभारी त्रिवेंद्र सिंह रावत, पूर्व विधायक मुन्ना सिंह चौहान व स्थानीय विधायक मौजूद रहेंगे।