उत्तराखंड पहुंचे पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं राजस्थान प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सचिन पायलट ने टिहरी में शुक्रवार को केंद्र सरकार पर जमकर निशाना साधा।
उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव में जिस तरह से केंद्रीय मंत्री से लेकर प्रधानमंत्री उत्तराखंड में सभाएं कर विकास के वायदे कर रहे हैं, यदि वह अपने ढाई साल के कार्यकाल में उत्तराखंड के आपदा पीड़ितों से लेकर अन्य विकास योजनाओं के लिए बजट दे देते, तो राज्य के लोगों का भला होता। उन्होंने विकास के नाम पर कांग्रेस प्रत्याशी को जिताने की अपील की।
पूर्व केंद्रीय मंत्री सचिन पायलट ने शुक्रवार को प्रतापनगर से कांग्रेस प्रत्याशी विक्रम सिंह नेगी के समर्थन में भेंतलाखाल, पंडरगांव और सेमंडीधार में सभाएं संबोधित की। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में मुख्यमंत्री हरीश रावत की सरकार ने विकास के कई ऐतिहासिक कार्य किए हैं, लेकिन केंद्र सरकार ने राज्य के विकास में सहयोग न कर जनता की चुनी गई सरकार को दलबल के आधार पर गिराने का काम किया।
कांग्रेस प्रत्याशी विक्रम सिंह नेगी ने पांच साल की उपलब्धियां गिनाई। उन्होंने कहा कि जनता का आशीर्वाद मिला, तो प्रतापनगर को आदर्श विधानसभा क्षेत्र बनाने का काम किया जाएगा। सभा में कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव मोहित शर्मा, पूर्व प्रमुख पूर्ण चंद रमोला, राकेश राणा, सब्बल सिंह राणा, देवी सिंह पंवार, रतन सिंह रावत, उदय रावत, दयाल सजवाण, शिवराज रावत, जय सिंह चौहान, शूरवीर भंडारी, राजेश रावत, धनवीर रावत, सुमन राणा, जगदीश सोनी, मनभावन बगियाल, बचन सिंह रावत, भगवती नौटियाल, किशोरी लाल, राजेंद्र चौहान आदि मौजूद थे।