देहरादून में स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (एसबीआई) के आंचलिक दफ्तर में बम की सूचना से हड़कंप मच गया।
सूचना पर पहुंची पुलिस और बम स्क्वाड की संयुक्त टीम को दफ्तर खंगालने के बाद भी कुछ नहीं मिला। इस पर बैंककर्मियों और पुलिस टीम ने राहत की सांस ली। बुधवार अपराह्न करीब चार बजे हाथीबड़कला रोड स्थित एसबीआई के आंचलिक दफ्तर के लैंडलाइन फोन पर किसी अज्ञात शख्स ने कॉल किया।
फोन करने वाले ने बताया कि दफ्तर में बम रखा है। यह सूचना मिलते ही पूरे कार्यालय में हड़कंप मच गया। अधिकारी और कर्मचारी बाहर निकल आए। उन्होंने इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस और बम निरोधी दस्ते की टीम मौके पर पहुंची और पूरे क्षेत्र को कवर कर लिया।
इसके बाद पुलिसकर्मियों और बम निरोधी दस्ते ने बिल्डिंग को खंगालना शुरू किया। पूरी बिल्डिंग खंगालने के बाद पुलिस टीम को कुछ नहीं मिला। सीओ सिटी मनोज कत्याल ने बताया कि फोन करने वाले व्यक्ति के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है।
एसओजी ने बीएसएनएल अधिकारियों से जानकारी मांगी है। बीएसएनएल अधिकारियों ने बताया कि बृहस्पतिवार सुबह जानकारी मिल सकेगी। उसके बाद ही कोई कार्रवाई की जाएगी।
जुटी तमाशबीनों की भीड़
बम की सूचना और पुलिस के जमावड़े से कैंट रोड पर तमाशबीनों की भीड़ जुट गई। पुलिसकर्मियों ने बार-बार भीड़ को हटाने का प्रयास किया। हालांकि उसके बावजूद लोग वाहनों को रोक-रोक कर देखते रहे। इस दौरान कैंट रोड पर जाम भी लगा।
थाने वाले टालते रहे
शाम को शहर में बम की सूचना मिलने के बावजूद संबंधित थानों की पुलिस देर रात तक मामले की जानकारी नहीं होने की बात कहती रही। शहर कोतवाली, डालनवाला और कैंट के जवान रात पौने दस बजे तक ऐसी किसी भी प्रकार की जानकारी होने से इनकार करते रहे।