निजी भूमि पर पेड़ों को काटने के लिए लोगों को अब वनाधिकारियों के कार्यालय के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे।
अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) में देर भी नहीं होगी। प्रदेश शासन ने बिजनेस रिफॉर्म एक्शन प्लान-2016 को हरी झंडी दे दी है। अब लोग आवश्यक अभिलेखों के साथ ऑन लाइन आवेदन कर सकेंगे और उन्हें एसएमएस के माध्यम से एनओसी भेज दी जाएगी। आवेदन के बाद एनओसी देने की प्रक्रिया के लिए 15 दिन की समयावधि भी तय कर दी गई है।
बिजनेस एक्शन प्लान के संबंध में गत दिवस मुख्य सचिव की अध्यक्षता में बैठक के बाद आदेश जारी कर दिया गया है। पेड़ों की कटान के लिए ऑन लाइन अनापत्ति प्रमाण पत्र दिए जाने संबंधी सुविधा दो महीने बाद शुरू होगी।
इस वक्त विभागीय अधिकारियों, कर्मचारियों के कॉंटेक्ट डीटेल, अधिनियम, शासनादेश आदि ऑन लाइन किए जा रहे हैं। निजी भूमि पर पेड़ों की कटान के लिए लोग कहीं भी बैठकर ऑन लाइन आवेदन कर सकेंगे। आवेदन के साथ लोगों को एसएमएस से आवेदन संख्या प्राप्त हो जाएगी।
आदेश में बताया गया कि ऑन लाइन आवेदन के साथ लोगों को सुसंगत अभिलेख भी अपलोड करने पड़ेंगे। इसके बाद फोरेस्टर स्थलीय भौतिक सत्यापन करेगा। वृक्षों की संख्या, प्रजाति, स्थिति के फोटोग्राफ समेत रिपोर्ट वन क्षेत्राधिकारी को भेजेगा।
सभी दस्तावेजों की संतुष्टि के बाद एनओसी जारी कर दी जाएगी। इस संबंध में आवेदक को भी एसएमएस कर दिया जाएगा। एनओसी को ऑन लाइन प्रिंट भी किया जा सकेगा। जो लोग किसी वजह से ऑन लाइन आवेदन नहीं कर पा रहे वे सुसंगत अभिलेखों के साथ कार्यालय में आवेदन कर सकते हैं। इन्हें स्कैन करके ऑन लाइन कर दिया जाएगा।
ये अभिलेख जरूरी
खसरा, खतौनी की सुसंगत मूल प्रतियां
स्टांप पर नोटरी द्वारा सत्यापित मुख्तारनामा
आवेदक के हस्ताक्षर या अंगूठे के निशान की स्कैन कॉपी
आईडी प्रूफ की स्कैन कॉपी
आवेदक की आईडी प्रूफ संख्या
आवेदक का फोटो
एंजेट की आईडी प्रूफ स्कैन कॉपी
एजेंट की आईडी प्रूफ संख्या
एजेंट का फोटो
शपथ पत्र की कॉपी
ग्राम प्रधान प्रमाण पत्र की स्कैन कॉपी
तहसीलदार का सत्यापन
तारीख के साथ वृक्षों की तस्वीरें