फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

हज यात्रियों के टीकाकरण के दौरान हंगामा, कांग्रेस विधायक और हज समिति अध्यक्ष के बीच धक्का मुक्की

Tue, 02 Jul 2019 10:43 AM IST
अलका त्यागी न्यूज डेस्क, अमर उजाला, रुड़की (पिरान कलियर)
विज्ञापन
हज यात्रा टीकाकरण के दौरान हंगामा - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

पिरान कलियर हज हाउस में हज यात्रियों के टीकाकरण के दौरान उस समय हंगामा हो गया, जब कांग्रेस विधायक फुरकान अहमद ने हज कमेटी के अध्यक्ष पर कार्यक्रम को राजनीतिक रंग देने का आरोप लगाया।

विज्ञापन


विवाद बढ़ा तो कांग्रेस विधायक और हज समिति के अध्यक्ष आमने-सामने आ गए और दोनों के बीच मंच पर ही धक्कामुक्की हो गई। सुरक्षाकर्मियों और अन्य लोगों ने किसी तरह उन्हें शांत कराया। हज कमेटी के अध्यक्ष ने कांग्रेस विधायक और उनके समर्थकों के खिलाफ गालीगलौज का आरोप लगाकर पुलिस को तहरीर दी है। एसआई एनके बचकोटी का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।

हज यात्रियों के लिए सोमवार को हज हाउस में टीकाकरण कार्यक्रम आयोजित किया गया था। टीकाकरण लेट होने से परेशान लोगों ने दोपहर करीब एक बजे टीकाकरण शुरू होने पर हंगामा शुरू कर दिया। विधायक फुरकान अहमद जो कि देर तक वक्ताओं का भाषण चलने से नाराज थे, मंच पर पहुंचे और लोगों को शांत कराने का प्रयास करने लगे। 
विज्ञापन


उनका आरोप था कि हज समिति के अध्यक्ष भाषणबाजी कर कार्यक्रम को राजनीतिक रंग दे रहे हैं। बताते हैं कि इसी बीच मंच पर मौजूद हज समिति के अध्यक्ष शमीम आलम ने उनके हाथ से माइक छीन लिया।

एक-दूसरे पर लगाए आरोप

इसे लेकर दोनों के बीच पहले कहासुनी हुई और बात धक्कामुक्की तक पहुंच गई। विवाद बढ़ता देख दोनों के सुरक्षाकर्मियों और अन्य लोगों ने बीच बचाव कर किसी तरह मामले को शांत कराया। 

सरकार की योजनाएं लोगों तक पहुंचाना मेरा काम है और कार्यक्रम में इसकी ही जानकारी लोगों को दी जा रही थी, लेकिन कांग्रेस विधायक नहीं चाहते कि जनता को सरकार की योजनाओं का लाभ मिले।
-शमीम आलम, अध्यक्ष हज कमेटी 

हज समिति के अध्यक्ष लोगों को धमका रहे थे, जिससे लोगों में गुस्सा बढ़ रहा था। टीकाकरण में देरी के कारण भीड़ और बढ़ रही थी। मैं मंच पर पहुंचकर लोगों को समझाने का प्रयास कर रहा था, लेकिन हज समिति के अध्यक्ष ने माइक छीन लिया। इससे लोगों को गुस्सा आ गया। उन्हें किसी तरह समझाकर शांत कराया। मैंने कोई गालीगलौज या बदतमीजी नहीं की। बाकी जांच में सब सामने आ जाएगा।
-फुरकान अहमद, विधायक कलियर 

जिले के 655 हज यात्रियों ने कराया टीकाकरण 

हज यात्रा पर जाने से पहले लोगों को टीकाकरण कराना अनिवार्य होता है। सोमवार को हज हाउस में आयोजित टीकाकरण और प्रशिक्षण कार्यक्रम में जिले के करीब 655 चयनित हज यात्रियों ने शिरकत की। कार्यक्रम की शुरुआत अब्दुल मजीद ने किरात के साथ की। कार्यक्रम में हज कमेटी अध्यक्ष शमीम आलम ने मुबारकबाद पेश करते हुए हज यात्रियों को हज के अहकाम बताए और कहा कि यह बहुत पाक सफर है। हर चीज का एहतमाम रखें।

इस यात्रा में कोई छोटा-बड़ा, अमीर-गरीब नहीं है। कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि पहुंचे 20 सूत्री कार्यक्रम के उपाध्यक्ष नरेश बंसल ने हज पर जाने वालों को मुबारकबाद दी। उन्होंने कहा कि यह पाक सफर है। सभी की यात्रा कामयाब हो। वह जाकर इबादत करें और अपने देश-प्रदेश के लिए भी दुआ करें। हज समिति के अध्यक्ष शमीम आलम ने बताया कि सभी हज यात्रियों का बीमा भी कराया गया है।

हज यात्रियों के लिए पहली फ्लाइट 10 जुलाई को 
हज के पाक सफर की शुरुआत 10 जुलाई से होगी। इस बार राज्य से 1556 हाजी हज पर जा रहे हैं। हज सिमिति के अधिशासी अधिकारी मोहम्मद मीसम ने बताया कि पहली फ्लाइट 10 जुलाई को है, जिसमें राज्य के 422 यात्री रवाना होंगे। 11 जुलाई को दो फ्लाइट हैं, जिसमें 643 यात्री रवाना होंगे। 12 जुलाई को एक फ्लाइट से 421 यात्री रवाना होंगे। 15  जुलाई की फ्लाइट में 51 यात्री पाक सफर पर जाएंगे। उन्होंने बताया कि कुछ यात्रियों की फ्लाइट जल्द क्लियर हो जाएगी। उत्तराखंड के सभी यात्री 18 जुलाई तक रवाना हो जाएंगे। उन्होंने बताया कि हज यात्रियों को कोई परेशानी न हो, इसके लिए दिल्ली हज मंजिल पर कैंप कार्यालय खोला जाएगा। हज समिति अध्यक्ष सहित पूरा स्टाफ दिल्ली हज मंजिल कैंप कार्यालय पर मौजूद रहेगा। हज मंजिल से सभी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद हज यात्रियों को बसों से हवाई अड्डा पहुंचाया जाएगा।
विज्ञापन

जिलेवार चयनित हज यात्री

हरिद्वार 655 
देहरादून 280 
नैनीताल 174
ऊधमसिंह नगर 485
पिथौरागढ़ 24 
अल्मोड़ा 11 
चमोली 2
चंपावत 6
उत्तरकाशी 1

टिहरी
4
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें