पूर्व मुख्यमंत्री एवं सांसद रमेश पोखरियाल निशंक ने कहा कि केंद्र सरकार रुड़की को भी गैस पाइप लाइन और मेट्रो से जोड़ेगी। इसके लिए बात हो चुकी है।
शनिवार को केएलडीएवी डिग्री कॉलेज के सभागार में नि:शुल्क गैस कनेक्शन वितरण कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि पहुंचे सांसद रमेश पोखरियाल निशंक ने कहा कि हरिद्वार की तर्ज पर रुड़की के लोगों को भी गैस पाइप लाइन से जोड़ा जाएगा। इसके तहत उपभोक्ताओं को गैस की डिलीवरी सीधे रसोई घर में मिलेगी।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड देश का प्रसिद्ध धार्मिक स्थल है। इसे देखते हुए रुड़की, हरिद्वार, ऋषिकेश एवं देहरादून को सीधे मेट्रो से जोड़ा जाएगा।
'नोटबंदी ने खून चूसने वालों को तोड़ दिया'
पीएम मोदी
निशंक ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लिए गरीब प्राथमिकता में हैं। उन्होंने नोटबंदी से गरीबों का खून चूसने वालों को पूरी तरह तोड़ दिया। आज देश विश्व में विकास दर में नंबर वन है लेकिन, यह विकास दर भ्रष्टाचारियों व अमीरों की वजह से नहीं बल्कि गरीबों के आधार पर हिंदुस्तान आगे बढ़ रहा है।
कार्यक्रम में सांसद निशंक ने करीब 300 लाभार्थियों को नि:शुल्क गैस कनेक्शन दिए। इस अवसर पर जिलाध्यक्ष डा. कल्पना सैनी, मंडलाध्यक्ष सुनील साहनी, अरविंद गौतम, पूर्व विधायक सुरेशचंद जैन, प्रदीप बत्रा, इंडियन ऑयल कारपोरेशन के जिला प्रबंधक रामनिवास चौधरी, जिला पंचायत सदस्य अमन त्यागी, कुंवर नागेश्वर, राजपाल सिंह, आदेश सैनी, चंदन त्यागी, राजेश त्यागी, सुशील त्यागी आदि मौजूद रहे।