नशे की हालत में एक ई-रिक्शा चालक ने हाईवे पर कई बाइकों व स्कूटी में टक्कर मार दी। इससे कई चालकों की ई-रिक्शा पलटने से बच गई। रिक्शा में बैठी सवारियों ने शोर मचा दिया। इस पर गुस्साए लोगों ने चालक को पकड़ लिया और उसकी जमकर धुनाई कर दी। पुलिस ने चालक को हिरासत में लेकर मेडिकल कराया, जिसमें शराब की पुष्टि हुई।
शुक्रवार की दोपहर रोडवेज बस स्टैंड पर एक रिक्शा चालक सवारी लेकर आ रहा था। बताया जा रहा है कि रिक्शा चालक नशे में था और उसने रोडवेज के पास कई बाइकों व एक स्कूटी सवार को टक्कर मार दी, जिससे बड़ा हादसा होने से बच गया। इतना ही नहीं ई-रिक्शा पलटने से भी बच गई। रिक्शा में बैठी सवारियों ने शोर मचाया तो आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। उन्होंने नशे की हालत में चालक को देखकर उसकी पिटाई कर दी।
इस बीच चेकिंग कर रहे टीआई मोहम्मद अकरम ने किसी तरह चालक को भीड़ से बचाया और सिविल लाइंस कोतवाली पहुंचाया। इसके बाद पुलिस उसे अस्पताल ले गई और मेडिकल कराया। जहां शराब पीने की पुष्टि हुई। कोतवाली प्रभारी राजेश साह ने बताया कि चालक का चालान कर दिया है। जबकि उसकी ई-रिक्शा को सीज कर दिया है।