धनौरी क्षेत्र में एक मजदूर को सरेआम बेरहमी से पीटने का वीडियो वायरल हुआ है। कुछ युवक मिलकर सड़क किनारे मजदूर युवक को लात-घूंसों और डंडों से पीट रहे हैं। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने पीड़ित और पीटने वाले युवकों की खोजबीन शुरू कर दी है।
धनौरी क्षेत्र में इमलीखेड़ा मार्ग पर सड़क किनारे एक मजदूर युवक को छह युवकों द्वारा पीटने का वीडियो वायरल हुआ है। वीडियो मंगलवार सुबह का बताया जा रहा है। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में दबंगई करने वालों ने पहचान छिपाने के लिए मुंह पर गमछा बांधा है। कुछ युवक डंडों से प्रहार कर रहे हैं।
पीड़ित युवक मदद की गुहार लगा रहा है, लेकिन कोई भी व्यक्ति बीच बचाव के लिए जाने की हिम्मत नहीं जुटा रहा है। हालांकि, पीड़ित की ओर से अभी तक पुलिस में कोई शिकायत नहीं की गई है। पिरान कलियर थाना प्रभारी धर्मेंद्र राठी ने बताया कि वायरल वीडियो की जांच की जा रही है। जांच के बाद आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।