हरिद्वार में ननिहाल से लाने के बाद पिता ने नाबालिग बेटी के साथ दुष्कर्म कर दिया। पिता की इस करतूत से आहत होकर बेटी घर से चली गई। पुलिस ने जब उसे बरामद किया तो पूछताछ में उसने पिता के कुकर्म की दास्तां बताई। पुलिस ने किशोरी का मेडिकल कराने के बाद आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया है।
कनखल थाना क्षेत्र की कॉलोनी में रहने वाले पौड़ी निवासी व्यक्ति ने पुलिस को बताया था कि उसकी 14 वर्षीय बेटी नौ सितंबर को बिना बताए घर से चली गई। पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर किशोरी की तलाश शुरू कर दी थी। पुलिस ने रविवार की शाम को गायब किशोरी को प्रेमनगर आश्रम घाट से बरामद कर लिया।
किशोरी ने घर जाने से मना कर दिया। जब पुलिस ने उससे पूछताछ की तो मामले का खुलासा हुआ। किशोरी ने बताया कि पिछले एक वर्ष से उसके माता-पिता के बीच मनमुटाव चल रह था। इसके चलते वह अपनी मां के साथ बरेली में ननिहाल में रही थी।
सात सितंबर को उसका पिता स्कूल में दाखिला कराने की बात कहकर उसे ननिहाल से लाया था। इसके बाद आरोपी तब से ही उसके साथ दुष्कर्म कर रहा था, जिसके बाद वह घर से चली गई थी। किशोरी ने बताया कि उसने एक रात रेलवे स्टेशन पर भी गुजारी थी। किशोरी की शिकायत के बाद पुलिस ने आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया है। कनखल थाना प्रभारी कमल कुमार लुंठी ने बताया कि किशोरी का मेडिकल कराने के बाद कोर्ट में पेश किया जाएगा। इसके बाद उसे मां की सुपुर्दगी में दिया जाएगा।