पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने वसीम के मौत के मामले को हत्या का बताया। उन्होंने कहा कि वसीम के मुंह पर चोट के निशान हैं जो पूरी कहानी बता रहे हैं। उन्होंने कहा कि जब पुलिस उसे लेकर आ रही थी तो शर्ट पहनी थी। शव मिलने के दौरान उसके शरीर पर शर्ट नहीं थी। उन्होंने सीबीआई जांच की मांग की। साथ ही झूठे मुकदमे वापस लेने की मांग की। उन्होंने कहा कि भय माहौल बनाने वाले पुलिसकर्मियों को दंडित किया जाए। इस मामले में वह सीएम से भी मिले हैं।
नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने हाईकोर्ट के जज की निगरानी में सीबीआई जांच कराए जाने की मांग की। साथ ही कहा कि ऐसी घटना नहीं होनी चाहिए। हाईकोर्ट के जज की निगरानी में अगर सीबीआई जांच करेगी तो भाजपा सीबीआई पर दबाव नहीं बना सकेगी। वहीं कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा ने कहा कि वसीम की हत्या की गई है। वसीम अच्छा तैराक था। यदि वह तालाब में गिरा था तो पुलिस को उसे बचाना चाहिए था।
वहीं कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने भी सरकार और पुलिस पर निशाना साधते हुए सीबीआई जांच की मांग की। इस मौके पर विधायक विरेंद्र जाती, विधायक फुरकान अहमद, विधायक ममता राकेश, विधायक रवि बहादुर समेत काफी संख्या में कांग्रेसी मौजूद रहे।