रुड़की में एटीएम से रकम निकालने में मदद करने के बहाने युवकों ने किसान का कार्ड बदलकर खाते से हजारों की रकम साफ कर दी। युवकों की यह हरकत एटीएम बूथ में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। पीड़ित किसान की ओर से पुलिस को तहरीर दी गई है। साथ ही सीसीटीवी कैमरे की फुटेज भी उपलब्ध कराई गई है। पुलिस युवकों की तलाश कर रही है।
कलियर थाना क्षेत्र स्थित गांव ज्वाई खेड़ा निवासी इसरार पेशे से किसान हैं। वह कलियर स्थित एक एटीएम से रुपये निकालने गए थे। एटीएम केबिन में पैैसे निकालने गए तो दो युवक उनके पास आकर खड़े हो गए। इसरार एटीएम से रुपये निकालने लगे, लेकिन किसी कारण से रुपये नहीं निकले। इस पर दोनों युवकों ने मदद करने के बहाने एटीएम कार्ड ले लिया और पिन कोड भी पूछ लिया। इसी बीच दो और युवक एटीएम केबिन में आ गए।
युवकों ने एटीएम कार्ड मशीन में लगाया और कुछ देर बाद पैसे निकलने की बात कही, लेकिन रुपये नहीं निकले। इस दौरान युवकों ने उनका एटीएम कार्ड बदल दिया और दूसरा कार्ड थमा दिया। पैसे नहीं निकलने पर इसरार चले गए। कुछ देर बाद उनके मोबाइल पर खाते से 40 हजार की रकम निकाले जाने का मैसेज आया।
वह आननफानन में बैंक पहुंचे और शिकायत की। इस बीच एटीएम केबिन में लगे सीसीटीवी कैमरे चेक किए तो युवकों की हरकत नजर आई। पीड़ित ने थाने पहुंचकर पुलिस को तहरीर और फुटेज देकर कार्रवाई की मांग की। एसओ जगमोहन रमोला ने बताया कि फुटेज के आधार पर युवकों की तलाश की जा रही है।