पत्नी को लड़वा रहे हैं चुनाव
अनुज अष्टवाल ने बताया कि वह इस बार अपनी पत्नी को ग्राम प्रधान का चुनाव लड़ाने की तैयारी कर रहे थे। मंगलवार सुबह पत्नी को साथ लेकर नामांकन करवाने जाना था। चुनाव को देखते हुए उन्होंने बैंक से नकदी निकालकर घर में रखी थी लेकिन नामांकन से पहले ही बदमाशों ने वारदात को अंजाम दे दिया। इसके चलते वह मंगलवार को नामांकन नहीं करवाने जा सके।
...तो रेकी कर वारदात को दिया अंजाम
अनुज अष्टवाल ने हाल ही में नए घर में प्रवेश किया है और वह अपनी पत्नी के साथ रहते हैं। परिवार के अन्य लोग पुराने घर में रहते हैं। ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि बदमाशों को अनुज के बारे में पूरी जानकारी रही होगी। बदमाशों ने वारदात को अंजाम देने से पहले पूरी तरह से रेकी की होगी। वहीं, ग्रामीणों का कहना है कि सोमवार सुबह से एक कार गांव में चक्कर काट रही थी। उसमेें चार से पांच लोग सवार थे। ग्रामीणों ने पुलिस को कार का नंबर भी दिया है। पुलिस कार नंबर के आधार पर गहनता से जांच कर रही है।
112 पर की कॉल, उत्तराखंड से पहले पहुंची यूपी पुलिस
लूट की घटना के बाद अनुज अष्टवाल ने 112 नंबर पर कॉल कर पुलिस को घटना की जानकारी दी। यूपी और उत्तराखंड दोनों जगह की पुलिस को एक साथ सूचना मिली। सूचना मिलते ही यूपी पुलिस गांव पहुंची। कुछ देर बाद झबरेड़ा पुलिस भी पहुंच गई। ऐसे में ग्रामीण एक बारगी तो हैरत में पड़ गए कि दोनों प्रदेशों की पुलिस किसी अन्य मामले में तो गांव नहीं आई है।
बदमाशों ने जिस गांव फक्करहेड़ी में ठेकेदार अनुज अष्टवाल के घर सोमवार रात लूट की वारदात को अंजाम दिया है वह हरिद्वार जिले में आता है लेकिन सहारनपुर की सीमा से भी सटा हुआ है। गांव के आसपास का अधिकतर हिस्सा सहारनपुर के गागलहेड़ी थाना क्षेत्र में पड़ता है। अन्य हिस्सा झबरेड़ा थाना क्षेत्र में आता है।
सोमवार रात अनुज ने 112 नंबर पर कॉल की तो एक साथ यूपी और उत्तराखंड पुलिस से कॉल कनेक्ट हो गई व सूचना दोनों प्रदेशों की पुलिस को मिली। मामला झबरेड़ा थाना क्षेत्र का होने पर दोनों थानों की पुलिस लौट गई। एक साथ दो प्रदेशों और तीन थानों की पुलिस पहुंचने से ग्रामीण भी हैरत में पड़ गए। कुछ ग्रामीणों ने बताया कि ऐसा पहले भी कई बार हो चुका है। 112 पर कॉल की तो यूपी पुलिस के पास जा लगी।