बारिश के कारण मंगलवार को बदरीनाथ हाईवे पर विष्णुप्रयाग में चट्टान टूटने से हाईवे बाधित हो गया, जिससे तीर्थयात्रियों को रास्ते में रोकना पड़ा। बुधवार को भी बद्रीनाथ हाईवे बंद पड़ा रहा।
करीब दो सौ यात्री विष्णुप्रयाग से पैदल ही बद्रीनाथ गए। विष्णुप्रयाग में बोल्डर हटाते वक़्त बुधवार की दोपहर दो बीआरओ कर्मचारी चोटिल हो गए।
दोपहर लगभग एक बजे बदरीनाथ हाईवे पर चट्टान से बोल्डर आ गए, जिस कारण बीआरओ का डोजर फंस गया और काम रुक गया। बताया गया कि इस स्थिति में बुधवार को भी बदरीनाथ हाईवे खुलना मुश्किल है।
मंगलवार को बदरीनाथ धाम समेत यात्रा पड़ावों पर करीब चार हजार तीर्थयात्री फंस गए। तीर्थयात्रियों के वाहनों को पुलिस ने जोशीमठ, गोविंदघाट, पांडुकेश्वर और बदरीनाथ में ही रोक लिया है। बारिश के कारण हाईवे खोलने का काम भी शुरू नहीं हो पाया।
मंगलवार को बदरीनाथ हाईवे पर वाहनों की सुचारु आवाजाही हो रही थी। दोपहर बारह बजे अचानक मौसम ने करवट बदली और एक बजे जोशीमठ क्षेत्र में बारिश शुरू हो गई। विष्णुप्रयाग में अचानक चट्टान का एक हिस्सा टूटकर हाईवे पर आ गया, बड़े-बड़े बोल्डर हाईवे पर अटक गए।
बदरीनाथ धाम जा रहे तीर्थयात्रियों के 15 वाहन मारवाड़ी पुल तक पहुंच गए थे, लेकिन हाईवे बंद होने से वाहनों को जोशीमठ भिजवा दिया गया।