नेहरू कालोनी की सचिवालय कालोनी में मिंत्रा ऑनलाइन कोरियर कंपनी के ऑफिस में रविवार रात हुई वारदात का पुलिस ने बुधवार को खुलासा कर दिया।
पुलिस अधीक्षक नगर श्वेता चौबे के मुताबिक कंपनी के कार्यालय में घुसे बदमाशों ने तमंचे और खुखरी के बल पर कर्मचारियाें को बंधक बनाकर 1.45 लाख रुपये लूट लिए थे। घटना के बाद कंपनी से जुड़े पूर्व कर्मचारियाें के बारे में जानकारी जुटाई गई तो एक को संदिग्ध पाया गया। सीसीटीवी फुटेज और मोबाइल लोकेशन से पुलिस का शक और गहरा गया।
एसपी ने बताया कि पुलिस ने भंडारी बाग इलाके में किराये पर रहने वाले मोहित कुमार निवासी सिडली थाना नकुड़ (सहारनपुर) को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई तो हकीकत सामने आ गई। उसके पास तमंचे के साथ 32 हजार रुपये भी बरामद हुए।
मोहित की निशानदेही पर सहारनपुर से उसके साथी शुभम निवासी अंबेहटी नकुड़ को भी पकड़ा गया। शुभम के पास से घटना में प्रयुक्त बाइक और 18 हजार रुपये की नगदी मिली। इनके तीन साथी सोनित निवासी वीराखेड़ी सहारनपुर, राहुल निवासी गोलाकलां पानीपत और मोनू निवासी अज्ञात फरार हैं।
मिंत्रा कंपनी के ऑफिस में आरोपियाें को आठ से दस लाख रुपये मिलने का अनुमान था। सीओ डालनवाला जया बलूनी ने बताया कि मोहित और शुभम दोनों कंपनी के ऑफिस में काम कर चुके हैं। उनके समय शनिवार और रविवार को आठ से दस लाख रुपये तक का कैश रहता था। इसलिए उन्हाेंने घटना के लिए रविवार का दिन चुना था।
मास्टर माइंड मोहित ऑफिस के बाहर रहा
पांचों आरोपी मोहित के कमरे पर शराब पीने के बाद दो बाइकों पर घटनास्थल पहुंचे थे। बाइकों को घटनास्थल से कुछ देर पहले रोक दिया गया था। डकैती के दौरान मोहित बाहर खड़ा रहा, क्याेंकि ऑफिस में काम करने वाले दो कर्मचारी उसके परिचित थे। घटना के बाद आरोपी मोहित के कमरे पर वापस गए। उस दिन मोहित की पत्नी अपने मायके गई हुई थी।
पुलिस के अनुसार मोहित ने ही शुभम के साथ मिलकर लूट की योजना बनाई थी। सोनित ने राहुल और मोनू को बुलाकर योजना में शामिल किया था। सोनित ही तमंचे और खुखरी लेकर आया था। सोमवार सुबह आरोपी आफिस के सीसीटीवी कैमरे के डीवीआर को धर्मावाला के जंगल में फेंककर चले गए। सोनित चोरी के मामलों में पहले भी जेल जा चुका है।
पुलिस टीम को पुरस्कार
आईजी गढ़वाल अजय रौतेला ने पुलिस टीम में सीओ जया बलूनी, एसओजी प्रभारी एश्वर्य पाल, एसओ नेहरू कालोनी दिलबर नेगी, एसएसआई राकेश शाह, राजेश कुमार, प्रवीण पुंडीर, दीपक पंवार, कांस्टेबल पंकज, ललित, विपिन और प्रमोद को पुरस्कृत करने की घोषणा की है।