रुपैडिहा से हरिद्वार तक रोडवेज की बस 19 रुपये कमाकर लाई। बात भले ही मजाक लगी हो लेकिन यह बात सही है।
बृहस्पतिवार को नेपाली यात्रियों को रूपैडिहा तक छोड़ने के लिए हरिद्वार से एक 52 सीटर बस गई थी। 570 किमी की दूरी तय कर जब बस वापस लौटी तो बस की कमाई केवल 19 रूपए थी।
19 रुपए कमाने के लिए बस ने छह हजार का ईंधन फूंक डाला। इतनी कम राशि मिलने पर अधिकारियों ने जांच बैठा दी है।
जाते वक्त गई भरकर
दशहरे के त्योहार पर हिमाचल से नेपाली यात्री अपने घरों को जाते हैं। भीड़ बढ़ने पर रोडवेज प्रशासन की ओर से यूके 07-1498 नंबर की बस भी रुपैडिहा भेजी गई। 52 सीटर बस डिपो से ही भरकर गई थी।
हरिद्वार से रुपैहडिया तक का इकतरफा किराया 494 रुपया है। इस हिसाब से 52 सीटर बस का किराया 25,688 रुपये हुआ। आते वक्त बस में महज 19 रुपये कमाकर लाई।