एक्सीडेंट के बाद घटनास्थल पर आधे घंटे जाम लगा रहा।
- फोटो : अमरउजाला
रोडवेज बस स्टैंड के समीप एक बस की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। बस स्टैंड के समीप हुई दुर्घटना के कारण मार्ग पर करीब आधे घंटे तक जाम लगा रहा। घायल को प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया गया है।
रुड़की चावमंडी निवासी विवेक बिरला पुत्र घनश्याम और आवास विकास कॉलोनी निवासी अनुज बाइक से कहीं जा रहे थे। तभी रुड़की रोडवेज बस अड्डे के समीप सहारनपुर से हरिद्वार की ओर आ रही यूपी रोडवेज की एक बस की बाइक से टक्कर हो गई। हादसे में बाइक सवार विवेक बिरला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अनुज की हालत गंभीर बनी हुई है।
दुर्घटना होते ही आरोपी चालक और परिचालक मौके से फरार हो गए जबकि पुलिस ने बस को कब्जे में ले लिया। दुर्घटना के बाद हाईवे पर काफी देर तक जाम की स्थिति बनी रही। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल पहुंचाया जबकि घायल को प्राथमिक उपचार के बाद जौलीग्रांट के लिए रेफर कर दिया गया।