पिथौरागढ़ जा रहा कैंटर वाहन शनिवार को दन्यां से करीब चार किमी दूर 200 मीटर गहरी खाई में जा गिरा। हादसे में कैंटर चालक और क्लीनर की घटना स्थल पर ही मौत हो गई, जबकि ट्रक के परखचे उड़ गए। दोनों के शव ट्रक के भीतर फंसने के कारण उन्हें काफी मशक्कत के बाद निकाला जा सका।
कैंटर (यूए04डी-0919) हल्द्वानी से पिथौरागढ़ जा रहा था। कैंटर दन्यां से करीब चार किमी दूर पहुंचा था कि एक मोड़ पर करीब 200 मीटर गहरी खाई में जा गिरा। हादसे में चालक संजीव कुमार (36) पुत्र दिनेश कुमार निवासी डहरिया रामपुर और नौसे (46) पुत्र अलीजान निवासी रामपुर की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलने पर स्थानीय नागरिकों के अलावा पुलिस, राजस्व पुलिस और आपदा की टीम मौके पर पहुंचीं।
चालक-क्लीनर के शव ट्रक के भीतर बुरी तरह फंस गए थे जिन्हें काफी मशक्कत के बाद निकाला जा सका। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने घटना की सूचना मृतकों के परिजनों को दे दी है।