व्यक्ति का रामझूला क्षेत्र में पैर फिसल गया था, जिससे वह गंगा नदी के तेज बहाव में बह गया था, बहते हुए करीब तीन किलाेमीटर दूर पशुलोक बैराज से पूर्व बने टापू पर पहुंचकर दलदल में फंस गया।
पशुलोक बैराज क्षेत्र में गंगा नदी के बीच बने टापू में फंसे एक व्यक्ति को एसडीआरएफ की टीम ने सकुशल बाहर निकाला। सुरक्षित बाहर निकलने पर व्यक्ति ने एसडीआरएफ की टीम का आभार जताया।
विज्ञापन
एसडीआरएफ निरीक्षक कवींद्र सजवाण ने बताया कि जिला कंट्रोल रूम से सूचना मिली कि पशुलोक बैराज से पहले गंगा नदी के बीच बने एक टापू पर एक व्यक्ति फंसा हुआ है। जो हाथ हिलाकर सहायता की गुहार लगा रहा है। सूचना के बाद त्रिवेणी घाट पर तैनात एसडीआरएफ की टीम, जल पुलिस और आपदा राहत दल ने संयुक्त रेस्क्यू अभियान शुरू किया।
विज्ञापन
व्यक्ति टापू के दलदल वाले हिस्से में फंसा हुआ था। पूछताछ में पता चला कि उक्त व्यक्ति का रामझूला क्षेत्र में पैर फिसल गया था, जिससे वह गंगा नदी के तेज बहाव में बह गया था, बहते हुए करीब तीन किलाेमीटर दूर पशुलोक बैराज से पूर्व बने टापू पर पहुंचकर दलदल में फंस गया। उसी दौरान घाट पर घूम रहे कुछ पर्यटकों की नजर उस पर पड़ी।
उन्होंने इसकी सूचना जिला कंट्रोल रूम को दी। उक्त व्यक्ति को राफ्ट के माध्यम से किनारे लाकर सकुशल रेस्क्यू किया। आवश्यक कार्रवाई के लिए एम्स ऋषिकेश चौकी पुलिस के सुपुर्द किया गया। जहां से प्राथमिक उपचार के लिए उसे सरकारी अस्पताल भेजा गया। रेस्क्यू किए गए व्यक्ति की पहचान विनोद सिंह(50) निवासी शीशम झाड़ी,मुनि की रेती के रूप में हुई। वह परमार्थ निकेतन के पास भेलपुरी का ठेला लगाता है।