प्रमोशन में आरक्षण न देने का शासनादेश जारी करने की मांग को लेकर बेमियादी हड़ताल पर गए जनरल ओबीसी कर्मचारी अब परिवार सहित आंदोलन में शामिल होंगे। इसके अलावा आंदोलन को उग्र रूप भी दिए जाने की तैयारी है।
उत्तराखंड जनरल ओबीसी इंप्लाइज एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष दीपक जोशी ने कहा कि सोमवार को एसोसिएशन एवं उच्चाधिकार संयोजक मंडल के समस्त पदाधिकारियों व अन्य सहयोगी टीम की तहसील चौक के पास होटल में बैठक होगी। बैठक में आंदोलन की आगे की रणनीति बनाई जाएगी।
प्रमोशन में आरक्षण के खिलाफ जनरल ओबीसी कर्मचारी दो मार्च से बेमियादी हड़ताल पर हैं। इन कर्मचारियों का कहना है कि इस मसले पर सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बावजूद सरकार उनके हितों की अनदेखी कर रही है। अब तक प्रमोशन में आरक्षण न देने का शासनादेश जारी नहीं हो पाया है। जिससे प्रदेश भर के कर्मचारियों में नाराजगी है। एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष दीपक जोशी व महासचिव वीरेंद्र सिंह गुसांई ने कहा कि कर्मचारी अपनी एक सूत्री मांग के लिए अब तक शांतिपूर्वक प्रदर्शन करते आ रहे हैं, लेकिन अब आंदोलन को उग्र रूप दिया जाएगा। भाजपा प्रदेश कार्यालय, मुख्यमंत्री आवास, कैबिनेट मंत्रियों का घेराव किया जाएगा।
बैठक में एसोसिएशन की प्रांतीय कार्यकारिणी के समस्त पदाधिकारी, उच्चाधिकारी, संयोजक मंडल के समस्त पदाधिकारी, सचिवालय संयोजक मंडल के समस्त पदाधिकारी, जनपद देहरादून की जिला कार्यकारिणी के समस्त पदाधिकारी एवं अखिल भारतीय समानता मंच उत्तराखंड के समस्त पदाधिकारी शामिल होंगे। बैठक में विभिन्न विभागों के प्रतिभागी कर्मचारियों की उपस्थिति की भी समीक्षा की जाएगी।
प्रमोशन में आरक्षण ठीक नहीं है, सरकार इसमें आरक्षण न देने का शासनादेश जारी करे। यह कहना है उत्तराखंड क्रांति दल के केंद्रीय अध्यक्ष दिवाकर भट्ट का। रविवार को केंद्रीय कार्यालय में मीडिया से वार्ता में उन्होंने कहा कि दल जनरल ओबीसी कर्मचारियों के साथ है। यदि बहुत जरूरी है तो आर्थिक आधार पर आरक्षण दिया जाना चाहिए।
दल के केंद्रीय अध्यक्ष ने कहा कि प्रदेश सरकार ने गैरसैंण को ग्रीष्मकालीन राजधानी घोषित कर जनभावनाओं की अनदेखी की है। प्रदेश सरकार स्पष्ट करे कि प्रदेश की राजधानी कहा है। उन्होंने कहा कि राज्य आंदोलनकारियों एवं शहीदों ने गैरसैंण को कभी ग्रीष्मकालीन राजधानी घोषित करने की मांग नहीं की। सरकार की यह घोषणा राज्य की अवधारणा के विपरीत है। इसके लिए न तो बजट की व्यवस्था की गई है न ही इसके ढांचागत विकास का सरकार के पास कोई प्लान है।
दल के केंद्रीय अध्यक्ष ने कहा कि 16 मार्च को दल की केंद्रीय कार्यकारिणी की देहरादून में बैठक होगी। बैठक में दल के आगामी कार्यक्रमों की रणनीति तैयार की जाएगी। बैठक में प्रदेश भ्रमण का कार्यक्रम तय किया जाएगा। गांव एवं वार्ड स्तर पर कार्यक्रम तय किए जाएंगे। मीडिया से वार्ता के दौरान संरक्षक बीडी रतूड़ी, एपी जुयाल, हरीश पाठक, लताफ त हुसैन, सुनील ध्यानी, सुरेंद्र कुकरेती, विजयंत, रंजन रतूड़ी, रविदत्त, सतेंद्र भट्ट, विजय बौड़ाई, आशीष रतूड़ी, किशन रावत, शांति भट्ट, सुनील ध्यानी, कुंवर प्रताप, राजेश्वरी रावत, उत्तम रावत, मीनाक्षी घिल्डियाल, दीपक, बहादुर रावत, सुरेंद्र पेटवाल आदि मौजूद रहे।