विकासनगर। वन विभाग की टीम ने चांदपुर क्षेत्र स्थित एक फार्म हाउस से अत्यंत जहरीली प्रजाति के रसल वाइपर का रेस्क्यू किया। इसके पहले क्षेत्रवासी सांप को अजगर प्रजाति का मानकर उसके साथ छेड़खानी कर रहे थे। वन विभाग की टीम ने सांप की पहचान किए बगैर व बिना सोचे समझे इस प्रकार की गतिविधि को खतरनाक बताया।
चांदपुर के हिल्स एंड हाइट नामक फार्म पर एक सांप दिखाई देने की सूचना वन विभाग की चौहड़पुर रेंज को मिली। सूचना पाकर मौके पर पहुंचे वन विभाग के सर्पमित्र आदिल मिर्जा ने उपस्थित लोगों को सांप की प्रजाति व इसके संबंध में आवश्यक जानकारी दी। उन्होंने बताया कि अजगर की तरह दिखने वाला यह सांप बेहद फुर्तीला और जहरीला होता है। जिसके साथ किसी भी प्रकार की छेड़खानी भारी पड़ सकती है। उन्होंने बताया कि रसल वाइपर दुनिया भर में पाए जाने वाले सर्वाधिक जहरीले सांप में एक है। उन्होंने लगभग एक घंटे की मशक्कत के बाद सांप को रेस्क्यू कर उसे सुरक्षित तरीके से कालसी वन प्रभाग की तिमली रेंज के जंगल में छोड़ दिया। संवाद