देहरादून। सेना ने लोहरवाला के निवासियों को सात दिन में जमीन खाली करने की मोहलत दी है। इसके बाद ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की जाएगी। वहीं दो दिन पहले हुई सेना की कार्रवाई के बाद कई परिवार तिरपाल के नीचे गुजर-बसर कर रहे हैं।
बता दें, सेना अपनी जमीन खाली कराने के लिए अभियान चला रही है। इसके तहत बीते शुक्रवार को सेना ने लोहरवाला में कार्रवाई की थी। अब सेना ने यहां के लोगों को सात दिन में सेना की जमीन से हटने की मोहलत दी है। इस संबंध में विधायक गणेश जोशी ने शनिवार को डिप्टी जीओसी बिग्रेडियर नीरज गुसांई से मुलाकात कर प्रभावितों के लिए समाधान निकालने की मांग की है। डिप्टी जीओसी ने 22 जुलाई को मौके का निरीक्षण करने के बाद समाधान निकालने का आश्वासन दिया है। पार्षद नंदनी शर्मा ने बताया कि सेना द्वारा की गई कार्रवाई के चलते लोगों को तिरपाल लगा कर रहना पड़ रहा है। उन्होंने प्रभावित परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर स्थानांतरित करने की मांग की है।