नैनीताल हाईकोर्ट के आदेश के बाद प्रशासन को अतिक्रमण की सुध आ ही गई।
सोमवार से राजधानी में अतिक्रमण हटाने का ऐलान किया गया है। पहले दिन घंटाघर से लेकर राजपुर रोड तक फुटपाथ पर किए गए कब्जे को हटा जाएगा। प्रशासन ने अभियान की तैयारी कर ली है।
उच्च न्यायालय ने कड़ी नाराजगी जताई
राजधानी में फुटपाथों पर कब्जे पर उच्च न्यायालय ने कड़ी नाराजगी जताई थी। इसी परिप्रेक्ष्य में जिलाधिकारी बीवीआरसी पुरुषोत्तम और एसएसपी अजय रौतेला ने विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक कर सोमवार से अतिक्रमण हटाओ अभियान शुरू करने की तैयारियों को अंतिम रूप दिया।
अभियान के लिए शहर को चार जोन में बांटा गया है। अभियान के दौरान लोक निर्माण विभाग, नगर निगम और एमडीडीए के अधिकारी जेसीबी, ट्रक आदि उपकरणों के साथ मौजूद रहेंगे।
डीएम के मुताबिक अगले चरण में चकराता रोड, दर्शन लाल चौक, आईएसबीटी रोड, पलटन बाजार और तहसील में अभियान चलाया जाएगा। डीएम ने एसपी यातायात की ऐसी व्यवस्था करने के लिए कहा है, ताकि अतिक्रमण हटाते समय किसी तरह से जाम न लगे।
यहां से हटेगा अतिक्रमण
घंटाघर से सुबह दस बजे राजपुर रोड पर फुटपाथ खाली कराने की कार्रवाई होगी
15 व्यापारियों को नोटिस
अतिक्रमण पर रविवार को पुलिस की भी नींद खुल गई। डिस्पेंसरी रोड पर अतिक्रमण करने वाले 15 व्यापारियों को नोटिस भेजा है। एक सप्ताह में अतिक्रमण न हटाने पर कब्जाधारियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जाएगा।
पलटन बाजार में दुकानों के बाहर फुटपाथ पर सामान रखने पर सात व्यापारियों के चालान किए गए। इंस्पेक्टर एसएस बिष्ट के अनुसार नोटिस जारी करने की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।