धरना स्थल पहुंचे पूर्व सीएम हरीश रावत, उपनल कर्मियों का धरना आठवे दिन भी जारी
अमर उजाला ब्यूरो
देहरादून। उपनल कर्मचारियों का नियमितीकरण और समान कार्य समान वेतन की मांग के लिए धरना आठवें दिन भी जारी रहा। धरना स्थल पहुंच कर पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने कर्मचारियों को अपना समर्थन दिया। उन्होंने कहा कि सरकार सहमत हो तो कांग्रेस सरकार के दौरान जो फार्मूला तैयार किया गया था उसके जरिये उपनल कर्मियों को नियमितीकरण किया जा सकता है।
उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि सरकार चार-पांच दिन के अंदर नहीं जगी तो वो भी रात-दिन खुले आसमान के नीचे उपनल कर्मचारियों के समर्थन में बैठे रहेंगे। पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गोविंद कुंजवाल ने भी उपनल कर्मियों को समर्थन दिया।
संगठन के प्रदेश संयोजक विनोद गोदियाल ने कहा कि उपनल कर्मचारियों के आंदोलन में शहीद हुई बहन नीलम डोभाल की दुखद घटना होने पर भी सरकार का कोई मंत्री या अधिकारी धरना स्थल पर अपनी संवेदनाएं व्यक्त करने नहीं आया। उन्होंने कहा कि सरकार में बैठे मंत्री और अधिकारी शायद अभी और कर्मचारियों के बलिदान का इंतजार कर रहें हैं। इससे पूर्व उपनल कर्मियों ने बुद्धि शुद्धि यज्ञ भी किया। इस दौरान प्रदेश संयोजक हरीश कोठारी, महासंघ के प्रदेश महामंत्री विनय प्रसाद, प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष महेश भट्ट, प्रदेश मीडिया प्रभारी प्रदीप सिंह चौहान, संगठन मंत्री भूपेश नेगी, देहरादून जिला अध्यक्ष गणेश गोदियाल सहित सैकड़ो की संख्या में कर्मचारी धरने पर बैठे रहे।