टनकपुर स्टेशन से खटीमा तक रेलवे पटरी पर बगैर इंजन मालगाड़ी दौड़ने की घटना को पूर्वोत्तर रेलवे ने गंभीरता से लिया है। घटना की जांच के लिए अधिकारियों की चार सदस्यीय टीम गठित की गई है।
अब तक हुई जांच में यह स्पष्ट हो गया है कि मामले में निलंबित पीलीभीत के सीनियर सेक्शन इंजीनियर (निर्माण) एवी सिंह ही जिम्मेदार हैं, उनके गैर जिम्मेदाराना निर्देश की वजह से ही मालगाड़ी दौड़ी थी। बहरहाल जांच टीम को घटना की गहराई से जांच के निर्देश दिए गए हैं।
टनकपुर-पीलीभीत के बीच बड़ी रेल लाइन निर्माण के लिए टनकपुर से गिट्टी ले जाने के जाने को 9 जुलाई को मालगाड़ी के 53 डिब्बे टनकपुर स्टेशन पर आए थे।
मंगलवार को सीनियर सेक्शन इंजीनियर एवी सिंह की मौजूदगी में इन डिब्बों में गिट्टी भरी जा रही थी कि सुबह आठ बजे गिट्टी लदे आठ डिब्बे पटरी पर दौड़ पड़े, जिन्हें करीब 22 किमी. दूर खटीमा स्टेशन के पास डिपट्राली पर छह पटरियां डालकर रोका जा सका।
बगैर इंजन पटरी पर दौड़े इन डिब्बों की चपेट में आने से जहां बनबसा में चार बकरियों की मौत हुई, वहीं खटीमा में एक बछड़ा घायल हुआ और एक ट्रैक्टर चकनाचूर हो गया। सूचना पर तत्काल मौके पर पहुंचे रेलवे के वरिष्ठ मंडल संरक्षा अधिकारी सीएल साह के नेतृत्व में अधिकारियों की टीम ने जानकारी जुटा सीनियर सेक्शन इंजीनियर पीलीभीत एवी सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया।