लॉकडाउन के दौरान जरूरतमंदों को राशन वितरण के लिए प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। प्रशासन की ओर से राशन के पैकेट तैयार कर मंगलवार को नौ वार्डों के 798 जरूरतमंद परिवारों को राशन बांटा गया।
लॉकडाउन की अवधि बढ़ने के साथ ही जरूरतमंदों को राशन वितरण के लिए प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। नायब तहसीलदार आरके ममगाईं ने बताया कि राशन की खरीद कर तहसील में भोजन के पैकेट तैयार किए जा रहे हैं।
इस कार्य में भोजन माताओं और अन्य का सहयोग लिया जा रहा है, जबकि 80 शिक्षकों की ओर से सभी वार्डों में जरूरतमंद परिवारों की सूची तैयार की गई है। मंगलवार को प्रशासन ने वार्ड नंबर एक रतनपुर सनेह में 13, वार्ड नंबर दो कुंभीचौड़ में 30, वार्ड नंबर तीन सनेह में 33, वार्ड नंबर चार गाड़ीघाट में 146, वार्ड नंबर पांच लकड़ीपड़ाव में 78, वार्ड नंबर छह काशीरामपुर तल्ला में 17, वार्ड नंबर सात कौड़िया में 134, वार्ड नंबर 10 पनियाली तल्ली में 315, वार्ड नंबर 12 कालाबड़ में 32 जरूरतमंदों को राशन का वितरण किया गया।
उन्होंने कहा कि लगातार राशन के पैकेट तैयार किए जा रहे हैं। राशन वितरण कार्यक्रम में उपखंड शिक्षा अधिकारी माध्यमिक लखपत खुगशाल, उपशिक्षा अधिकारी (प्रारंभिक) अभिषेक शुक्ला व आरके कमल किशोर शर्मा सहित अन्य शिक्षकों ने सहयोग प्रदान किया।