एक युवक ने महिला से शादी का झांसा देकर कई बार दुष्कर्म किया। आरोप है कि जब उस पर शादी का दबाव बनाया गया तो उसने मना कर दिया। अब पता चला कि उसने कहीं और सगाई कर ली है। महिला की शिकायत पर युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
पुलिस के अनुसार पीड़िता का कहना है कि फेसबुक के जरिए उसकी जान पहचान जसवीर सिंह (नीशू) से हुई। नीशू ने महिला को विश्वास दिलाया था कि जब पीड़िता का तलाक हो जाएगा तो वह उससे शादी कर लेगा। वह जसवीर के झांसे में आ गई। आरोप है कि इस बात का फायदा उठाकर जसवीर ने कई बार उसके साथ दुष्कर्म किया। यही नहीं उससे दो लाख रुपये भी ले लिए।
महिला का कहना है कि एक दिन जसवीर को किसी और महिला के साथ देखा। पता चला कि वह महिला जसवीर की मंगेतर है और दिसंबर में शादी होनी है। एसओ दिलबर सिंह नेगी ने बताया कि दुष्कर्म और अन्य आरोपों के बारे में जांच की जा रही है। जिन जगहों का उसने जिक्र किया है पुलिस वहां भी जाएगी। साथ ही साथ उसके अकाउंट भी चेक किए जाएंगे। पता किया जाएगा कि उसने पैसे नकद दिए हैं या फिर ट्रांसफर किए हैं।