मिजोरम के खिलाफ चल रहे रणजी ट्रॉफी मुकाबले में उत्तराखंड सौरभ रावत के 102 रनों की शतकीय पारी के दम पर 377 रन बनाने में कामयाब रही। वहीं, पहले दिन का खेल खत्म होने तक मिजोरम ने बिना विकेट खोए आठ रन बनाए।
रायपुर स्थित राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में सोमवार को उत्तराखंड का मुकाबला मिजोरम के साथ शुरू हुआ। मिजोरम ने टॉस जीतकर उत्तराखंड को पहले बल्लेबाजी करने के लिए आंमत्रित किया। पहले खेलने उतरी उत्तराखंड टीम की शुरूआत कुछ खास नहीं रही। टीम के सलामी बल्लेबाज करनवीर कौशल महज 06 रन बनाकर एम रातले की गेंद पर बोल्ड हो गए।
इसके बाद बल्लेबाज विनीत सक्सेना 35, वैभव भट्ट 26 और वैभव पंवार 1 रन बनाकर जल्दी आउट हो गए। टीम ने चार महत्वपूर्ण बल्लेबाज केवल 90 रनों पर ही खो दिए थे। तब सौरभ रावत और कप्तान रजत भाटिया ने मिलकर पारी को संभाला। दोनों ने मिलकर पांचवें विकेट के लिए 144 रनों की साझेदारी कर टीम का स्कोर 234 रनों तक पहुंचाया।
इसी स्कोर पर भाटिया 84 रन बनाकर आउट हो गए। दूसरी छोर से टिककर खेल रहे सौरभ रावत भी कुछ देर बाद आउट होकर पवेलियन लौट गए। वहीं, निचले क्रम के रंगाराजन ने 58 और मंयक मिश्रा ने 21 रनों की पारी खेली। दोनों के आउट होते ही उत्तराखंड की पारी 377 रनों पर सिमट गई। इसके बाद मिजोरम की टीम ने पहली पारी की शुरूआत की। दिन का खेल खत्म होने तक मिजोरम ने चार ओवर खेल कर आठ रन बना लिए।