- पीरुमदारा में संपर्क क्रांति का ठहराव शुरू, गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी ने जताया आभार
अमर उजाला ब्यूरो
देहरादून। रामनगर को रेल मंत्रालय से जल्द ही रामनगर-देहरादून सीधी रेल सेवा की बड़ी सौगात मिलने जा रही है। वहीं, रामनगर के पीरुमदारा में संपर्क क्रांति एक्सप्रेस का ठहराव शुरू हो गया है। इसके लिए प्रयास कर रहे गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी ने रेलमंत्री अश्वनी वैष्णव का आभार जताया।
सांसद बलूनी ने जनवरी में रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से भेंट कर रामनगर से देहरादून के बीच सीधी ट्रेन सेवा प्रारंभ करने का आग्रह किया था। उनके इस प्रयास को अब सफलता मिली है। इस महत्वपूर्ण ट्रेन सेवा के संचालन की सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं और शीघ्र ही इसकी औपचारिक घोषणा की जाएगी। रामनगर के पीरुमदारा क्षेत्र के यात्रियों के लिए भी राहत भरी खबर है। संपर्क क्रांति एक्सप्रेस का ठहराव पीरुमदारा में शुरू हो गया है, जिससे स्थानीय यात्रियों को आवागमन में बड़ी सुविधा मिल रही है। गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी ने इस उपलब्धि पर क्षेत्रवासियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वे क्षेत्र के विकास और जनता की सुविधाओं के लिए निरंतर प्रतिबद्ध हैं।