राज्य सभा सांसद और अभिनेता राजबब्बर ने टिहरी बांध की झील का भ्रमण कर फिल्म शूटिंग के लिए मौकों की तलाश की। उन्होंने कोटी कॉलोनी से डोबरा और मदननेगी तक बोट में सफर कर हिंदी फिल्मों में बांध की झील को शूट कर राज्य के पर्यटन विकास को बढ़ाने की संभावनाओं पर पर्यटन मंत्री दिनेश धनै से चर्चा की।
बोट से लिया झील का जायजा
इसके साथ ही बांध निर्माण के लिए कुर्बान हुए शहर और गांवों के इतिहास के सरंक्षण के लिए म्यूजियम बनाने की भी बात कही।
शुक्रवार को सांसद राज बब्बर कार से नई टिहरी पहुंचे। टीएचडीसी गेस्ट हाउस में विश्राम करने के बाद उन्होंने करीब दो बजे पर्यटन मंत्री दिनेश धनै के साथ कोटी कॉलोनी होते हुए डोबरा और मदननेगी तक बोट से भ्रमण कर झील का जायजा लिया।
शूटिंग शुरू करवाने के होंगे प्रयास
एक सवाल के जवाब में सांसद ने कहा कि टिहरी झील में वाटर एडवेंचर स्पोर्ट्स के अलावा बांध के आसपास रिंग रोड की स्थापना, रिसर्च एवं एडवेंचर हब बनाया जा सकता है।
उन्होंने कहा कि राजीव गांधी साहसिक खेल अकादमी में जल्द ही कोर्स शुरू किए जाने चाहिए। झील में फिल्म शूटिंग के लिए अपार संभावनाएं हैं, लेकिन पहले झील क्षेत्र में आधारभूत सुविधाएं विकसित की जानी चाहिए। कहा कि जल्द ही फिल्म इंडस्ट्रीज से बात कर झील में फिल्म शूटिंग करवाने का प्रयास किया जाएगा।