कॉर्बेट पार्क में जिप्सी रोटेशन सिस्टम का विरोध फिर से शुरू हो गया है। जिप्सी चालकों ने एक अक्तूबर को चाबी सौंपने और दो को सभी जोनों में चक्का जाम करने की चेतावनी दी है। वहीं ऑनलाइन बुकिंग के लिए वेबसाइट खोलने की भी मांग की है।
बुधवार को जिप्सी चालकों के एक पक्ष ने कॉर्बेट निदेशक से मिलकर रोटेशन सिस्टम का विरोध किया। कॉर्बेट जिप्सी वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष गिरीश धस्माना ने बताया कि चार अगस्त को जिप्सी रोटेशन के मामले में बैठक हुई थी, जिसमें तय हुआ था कि रोटेशन लागू करने से पहले डेमो किया जाएगा लेकिन ऐसा नहीं हुआ। अब पार्क प्रशासन बिना डेमो के रोटेशन लागू करने जा रहा है। जिसका विरोध किया जा रहा है। एसोसिएशन ने फैसला लिया है कि एक अक्तूबर को पार्क के कार्यालय में बैठकर अपनी जिप्सियों की चाबियों के सौंपेंगे।
दो अक्तूबर को कॉर्बेट पार्क के सभी जोनों में जिप्सियों का चक्का जाम किया जाएगा। वहीं होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष हरि सिंह मान ने भी जिप्सी रोटेशन सिस्टम का विरोध करते हुए कहा कि पार्क प्रशासन की मनमानी नहीं चलेगी। पर्यटन कारोबारी इसका विरोध करेंगे। इस दौरान संजय छिम्वाल, जगदीश छिम्वाल, जगत नेगी, मनोज कुमार शर्मा, पवन पुरी, तहस्लीम, नासिर, मनोज पांडे, नदीम आदि रहे।
रोटेशन लागू होने से सभी मिलेगा रोजगार: रावत
पर्यटन व्यवसायी वीरेंद्र सिंह रावत ने बताया कि जिप्सी रोटेशन सिस्टम सभी के हितकारी है। इससे सभी को रोजगार मिलेगा, इसका विरोध करना ठीक नहीं है। वर्तमान में कुछ जिप्सी स्वामियों ने एकाधिकार कर लिया है और नए जिप्सी चालकों को रोजगार नहीं मिल रहा है। इस सिस्टम के लागू होने से सभी को रोजगार मिलेगा, जो सभी की हित में है।