पेड़ काटने, जंगल में अपार्टमेंट बनाने की अनुमति के बाद राजाजी पार्क के अधिकारियों का नया कारनामा सामने आया है।
चार पालतू हाथियों का चारा हजम
पार्क अफसरों ने चीला रेंज में रखे गए चार पालतू हाथियों का चारा ही हजम कर दिया। आरटीआई के तहत चारे के नाम पर हुए घोटाले के खुलासे के बाद मुख्य वन संरक्षक वन्यजीव धनंजय मोहन की रिपोर्ट में भी इसकी पुष्टि हुई है।
एक व्यक्ति ने चीला रेंज के हाथियों के चारे की जानकारी मांगी थी। पता चला कि पार्क अधिकारियों ने बाजार मूल्य से दोगुनी दरों पर आटा और गुड़ की खरीदारी की थी। खास बात यह थी कि चारा हरिद्वार के बजाय देहरादून से खरीदा गया।
इसके बाद जांच हुई, जिसमें आरोप सही पाए गए हैं। सूत्रों का कहना है कि जांच रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई हुई तो पार्क के कई अधिकारी लपेटे में आ सकते हैं।
जांच रिपोर्ट मिल चुकी है। यह काफी विस्तृत है। इसका अध्ययन कराया जा रहा है। रिपोर्ट के अनुसार जो भी दोषी होंगे। उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
- डा. आरबीएस रावत, प्रमुख वन संरक्षक