फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

देहरादून में झमाझम बारिश ने गर्मी और उमस से दी राहत, कई इलाकों में हुआ जलभराव

Thu, 12 Sep 2019 08:49 AM IST
अलका त्यागी न्यूज डेस्क, अमर उजाला, देहरादून
विज्ञापन
देहरादून में बारिश - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

राजधानी देहरादून के कईं इलाकों में बुधवार रात को जमकर बारिश हुई। ज्यादातर क्षेत्रों में दो से तीन दौर तक तेज बौछारें पड़ी। बारिश के चलते लोगों को गर्मी और उमस से खासी राहत मिली। वहीं, कुछ सड़कों और इलाकों में हल्का पानी भी भर गया। हालांकि कुछ देर बाद बारिश थमने से जलभराव कम हो गया। 

विज्ञापन


मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश के कई इलाकों में गुरुवार को भी बारिश के आसार हैं। मौसम केंद्र की ओर से जारी बुलेटिन के अनुसार ज्यादातर क्षेत्रों में बादल छाये रहने और बारिश होने का अनुमान है। कुछ इलाकों में गरज और चमक के साथ तेज बौछारें भी पड़ सकती है। 

विज्ञापन

पांच जिलों में सुधरे बारिश के हालात

मानसून सीजन में पांच जिलों में बारिश के हालात में सुधार आया है। इन जिलों में सामान्य बारिश रिकॉर्ड की गई है। वहीं, आठ जिलों में अब तक सामान्य से कम बारिश हुई है। प्रदेश में अब तक कुल 23 फीसदी कम बारिश हुई है। 

मौसम केंद्र की ओर से जारी रिपोर्ट के अनुसार मानसून सीजन में एक जून से 11 सितंबर तक सामान्य तौर पर कुल 1078.8 मिमी बारिश होनी चाहिए थी। हालांकि अब तक केवल 826 मिमी बारिश ही हुई है। पौड़ी गढ़वाल में सबसे कम 53 फीसदी ही बारिश हुई है।

वहीं टिहरी में 45, देहरादून में 38, उत्तरकाशी में 37,हरिद्वार में 32, चंपावत में 27, रुद्रप्रयाग में 22 और अल्मोड़ा में 21 फीसदी कम बारिश हुई है। बागेश्वर की स्थिति सबसे बेहतर है, जहां सामान्य से 34 फीसदी अधिक बारिश दर्ज की गई है। यहां अब तक 1008.7 मिमी बारिश हो चुकी है। 

चमोली में दो फीसदी अधिक बारिश रिकॉर्ड की गई है। ऊधमसिंह नगर में सात, नैनीताल में 12 और पिथौरागढ़ में 17 फीसदी कम बारिश हुई है। मौसम विभाग के अनुसार सामान्य से 19 फीसदी कम या ज्यादा बारिश को भी सामान्य ही माना जाता है। 

प्रदेश में फिलहाल कई इलाकों में बारिश की संभावना बनी हुई है। राजधानी दून समेत प्रदेश के कई क्षेत्रों में बारिश हो सकती है, जिससे बारिश सामान्य होने की उम्मीद है। मानसून सीजन में प्रदेश में सामान्य तौर पर 1229 मिमी बारिश होती है।
बिक्रम सिंह, निदेशक, मौसम केंद्र
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें